फरीदपुर पहुंची अंडमान निकोबार से नाबालिग लड़की:पब्जी खेलते-खेलते हार गई दिल

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) ऑनलाइन गेम का चस्का एक नाबालिग लड़की पर ऐसा चढ़ा कि वह लड़की अंडमान निकोबार से 2,385 किलोमीटर दूर बरेली पहुंच गई। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद वहां की पुलिस मंगलवार को फरीदपुर पहुंची। जहां से लड़की को बरामद कर लिया। आरोपी लड़का और उसके घरवाले फरार हो गए।

फरीदपुर के मोहल्ला परा निवासी बब्लू उर्फ राजपाल यादव पिता प्रेमपाल (20) शादी-बारातों में खाना बनाने का काम करता है। उसके पिता नगर में ही सब्जी का ठेला लगाते हैं। बताया जा रहा है कि दक्षिण अंडमान निकोबार के थाना पहाड़गांव की एक 16 साल की लड़की के साथ उसका पब्जी खेलते-खेलते प्रेम हो गया। करीब तीन साल से उनके बीच वीडियो कॉल पर बातचीत होती रही।

22 जनवरी को चली थी लड़की

अंडमान से नाबालिग लड़की अपने घर से कुछ पैसे लेकर बरेली के लिए चली थी। प्लेन से वह दो घंटे में कोलकाता पहुंची। जहां से ट्रेन से रिजर्वेशन कराकर वह 23 जनवरी को रात करीब 11 बजे बरेली जंक्शन पर पहुंच गई। जहां से बब्लू ने उसे जंक्शन से रिसीव किया। फिर उसे वह लेकर फरीदपुर आ गया।

लड़की के पिता एयरफोर्स में, घर में सबसे छोटी

नाबालिग लड़की के पिता अंडमान निकोबार में ही एयरफोर्स में नौकरी करते हैं। जबकि, लड़की हाईस्कूल में पढ़ती है। उसके दो बड़े भाई और मां हाउसवाइफ है। पिता ने 22 जनवरी को ही लड़की गुमशुदगी थाने में दर्ज करा दी थी।

लोकेशन के आधार पर पहुंची पुलिस –

थाना पहाड़गांव दक्षिण अंडमान निकोबार की पुलिस टीम एसआई एग्नेस बावथोलोमा, एसआई पीआर प्रदीप, एएसआई जीके शाह को छात्रा की लोकेशन बरेली के राजपुर कलां अलीगंज मिली जहां पुलिस ने छात्रा के नंबर पर संपर्क साधा तब छात्रा का नंबर बंद था। इसके बाद लोकेशन फरीदपुर मिली। पुलिस टीम ने 31 जनवरी 2023 को दोपहर फरीदपुर पहुंचकर 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लड़की को बरामद कर लिया जिसमें फरीदपुर प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर एवं क्राइम इंस्पेक्टर सत्या सिंह, कस्बा इंचार्ज अखिल चौधरी, हेड कांस्टेबल इंतजार अहमद, हेड कांस्टेबल दीपक का सहयोग रहा।