दयानन्द वैदिक कॉलेज में 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’ का सीधा प्रसारण, युवाओं से होगा दोतरफा संवाद

Lucknow
  • राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का संबोधन दिखाया जाएगा

उरई। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर दयानन्द वैदिक कॉलेज, उरई में 27 अगस्त को ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं के साथ दोतरफा संवाद भी आयोजित होगा। इस आयोजन को लेकर महाविद्यालय में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

24 अगस्त को कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में महाविद्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें प्राचार्य प्रोफेसर राजेश चन्द्र पाण्डेय, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र यादव तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सैयद नफीसुल हसन, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, सुश्री श्वेता यादव और डॉ. सगुफ्ता मिर्जा मौजूद रहीं।

  • श्रेणी ‘ए’ में शामिल हुआ महाविद्यालय

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ तथा माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जनपद में दयानन्द वैदिक कॉलेज, उरई को प्रमुखता देते हुए श्रेणी ‘ए’ में शामिल किया गया है। इसी के अंतर्गत 27 अगस्त को महाविद्यालय में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

  • युवाओं और खिलाड़ियों की रहेगी सहभागिता

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का औपचारिक संबोधन सीधा प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के साथ दोतरफा संवाद होगा। आयोजन में गणमान्य नागरिकों, खिलाड़ियों, युवाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटा है।