आसमान पर छाए हैं हल्‍के बादल, प्रयागराज के मौसम का जानें हाल

Prayagraj Zone

प्रयागराज (www.arya-tv.com) प्रयागराज के आसमान पर शुक्रवार को जब घने बादल छाए तो बारिश होने की उम्मीद जगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, साथ ही धूल भरी तेज हवाएं भी चली। शनिवार की सुबह हल्‍के बादल रहे। हालांकि अब सप्ताह भर आसमान साफ रहेगा। बारिश की भी कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के चौथे सप्ताह के मध्य में एक बार फिर बादलों की वापसी हो सकती है। धूप की किरणें प्रतिदिन अब तेज भी होंगी।

प्रयागराज के तापमान पर डालें नजर

शुक्रवार को आसमान में बादल छाने के कारण गर्मी पर भी लगाम कसी थी। रात में भी हल्‍की ठंड का एहसास हो रहा था। वहीं शनिवार की सुबह भी मौसम में तल्‍खी नहीं थी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री लुढ़ककर 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम आर्द्रता 86 और न्यूनतम 54 मापी गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिगी तक जाने के आसार हैं।

मौसम विज्ञानी का पूर्वानुमान यह है

मौसम विज्ञानी एआर सिद्दीकी ने बताया कि सप्ताह भर मौसम साफ रहेगा। मार्च के चौथे सप्ताह में बादल वापस आ सकते हैं। प्रतिदिन अधिकतम अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होती रहेगी। इस बार मार्च में हीं मई वाली गर्मी पड़ने की उम्मीद है।