राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत क्षमता संवर्द्धन प्रशिक्षण का शुभारंभ

Lucknow

(प्रिय प्रताप सिंह )फिरोजाबाद। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), फिरोजाबाद में नोडल शिक्षक संकुल, नोडल एआरपी एवं ईसीसीई एजुकेटर्स का क्षमता संवर्द्धन प्रशिक्षण शुरू हुआ।

  • दीप प्रज्वलन के साथ प्रशिक्षण का शुभारंभ

प्रशिक्षण का शुभारंभ डाइट के वरिष्ठ प्रवक्ता मुक्तेश कुमार, प्री-प्राइमरी की नोडल एसआरजी डॉ. जया शर्मा, डाइट की नोडल प्रवक्ता जयमाला, एआरपी विवेक थापक एवं अर्चना वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

  • खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर

प्रशिक्षण में ईसीसीई, बाल वाटिका, खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, निपुण भारत मिशन तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर प्रतिभागियों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। विद्यालयों में आनंददायी, बाल-केंद्रित एवं प्रभावी शिक्षण वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा।

  • मजबूत नींव से बनेगा बच्चों का भविष्य

एसआरजी डॉ. जया शर्मा ने कहा कि बच्चे का मजबूत भविष्य मजबूत नींव से बनता है। ईसीसीई केवल शिक्षा की शुरुआत नहीं, बल्कि बच्चे के व्यक्तित्व, जिज्ञासा और सीखने की पूरी यात्रा की आधारशिला है।

  • प्रशिक्षण का विद्यालयों में दिखेगा प्रभाव

डाइट की नोडल प्रवक्ता जयमाला ने कहा कि प्रशिक्षण तभी सार्थक है, जब उसका प्रभाव प्रशिक्षण कक्ष से निकलकर प्रत्येक विद्यालय और बच्चे तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि नई शैक्षिक अवधारणाओं एवं प्रभावी शिक्षण विधियों के माध्यम से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव लाना प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है।