ताजमहल देखने से पहले जान ले यह खबर, कब मिलेंगी टिकट

Agra Zone UP

आगरा।(www.arya-tv.com) कोरोना के बाद ताजमहल को लपकों ने ग्रहण लगा दिया है। पर्यटक ताे ताजमहल देखने आ रहे हैं, लेकिन टिकट नहीं मिलने से उसे देखे बगैर लौट रहे हैं। टिकटों की अवैध बिक्री से शहर की छवि पर दाग लग रहे हैं।

यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में पर्यटक आगरा आने से बचेंगे, जिससे नुकसान आगरा के पर्यटन उद्योग का होगा। 2020 में ताजमहल कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 188 दिन बंद रहा। इसके बाद यह खुला तो कैपिंग की पाबंदियों के साथ।

तब से ताजमहल को लपकों का ग्रहण लगा हुआ है। ताजमहल के टिकट की कालाबाजारी के चलते पर्यटकों को टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। टिकट नहीं मिल पाने की स्थिति में पर्यटकों को ताजमहल के दरवाजे तक आकर उसे देखे बगैर लौटना पड़ रहा है।

पर्यटक असहज हो रहे हैं और व्यवस्थाओं को कोस रहे हैं। इससे शहर की छवि खराब हो रही है। लपकों द्वारा बुक किए गए टिकट नहीं बिकने की वजह से खराब हो रहे हैं और पर्यटक निराश होकर लौट रहे हैं। पर्यटन उद्यमियों को इससे आगरा के पर्यटन उद्योग को नुकसान पहुंचने की चिंता सता रही है।

टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के उपाध्यक्ष राजीव सक्सेना बताते हैं कि पर्यटकों के लौटने से शहर की छवि खराब हो रही है और नकारात्मक प्रचार हो रहा है। स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में इसका बुरा असर आगरा के पर्यटन उद्योग पर पड़ सकता है।

एएसआइ को कैपिंग बढ़ानी चाहिए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि लपके शहर की छवि को हमेशा दाग लगाते रहे हैं। पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं करती है। लपकों पर अगर कार्रवाई नहीं की गई तो शहर के पर्यटन को अधिक नुकसान पहुंचेगा।