बॉक्स ऑफ़िस पर जानिए कैसी चल रही है मुंबई सागा की रफ़्तार

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) कोरोना वायरस से जंग के बीच बॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री ने नई फ़िल्मों को सिनेमाघरों में उतारने का एलान तो कर दिया, मगर कई राज्यों में हालात सामान्य ना होने की वजह से इसका असर बॉक्स ऑफ़िस पर दिखने लगा है। मंगलवार को इरोस इंटरनेशनल ने अपनी फ़िल्म हाथी मेरे साथी की रिलीज़ स्थगित कर दी, जो 26 मार्च को सिनेमाघरों में आने वाली थी। वहीं, जो फ़िल्में रिलीज़ हो चुकी हैं, वो भी अब जूझ रही हैं।

19 मार्च को सिनेमाघरों में आयी जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी की फ़िल्म मुंबई सागा 5 दिनों में 11.70 करोड़ का नेट कलेक्शन ही कर सकी है। मुंबई सागा ने बीते शुक्रवार को 2.81 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को फ़िल्म ने 2.40 करोड़ और 3.52 करोड़ जमा किये थे।

सोमवार और मंगलवार को फ़िल्म ने 1.49 करोड़ और 1.47 करोड़ जुटाये। सोमवार और मंगलवार के कलेक्शंस में अधिक फर्क नहीं है, जो यह बताता है कि दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंच तो रहे हैं, मगर उनकी तादाद एक निश्चित दायरे में है। वीक डेज़ में कलेक्शंस का गिरना सामान्य बात है, मगर समान्य हालात में दर्शकों की संख्या अधिक होती।

अगर मुंबई सागा के शुरू के पांच दिनों की रफ़्तार कमोबेश रूही धीमी रही है, जो 11 मार्च को सिनेमाघरों में आयी थी। पहले हफ़्ते में अगर रूही के प्रतिदिन कलेक्शंस देखें तो फ़िल्म को पहले दिन (गुरुवार) को महाशिवरात्रि की छुट्टी का फ़ायदा मिला और 3.06 करोड़ की ओपनिंग ली थी।

दूसरे दिन 2.25 करोड़ जमा किये थे। तीसरे दिन 3.42 करोड़, चौथे दिन 3.85 करोड़ और पांचवें दिन पहले सोमवार को 1.35 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर जुटाये थे। इस तरह पांच दिनों में फ़िल्म ने 13.93 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। हालांकि, वीक डेज़ में मुंबई सागा रूही से बेहतर चल रही है।

महाराष्ट्र में कोविड-19 मामलों के बढ़ने से मुंबई सागा को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, 26 मार्च को परिणीति चोपड़ा की साइना भी रिलीज़ होगी।