(www.arya-tv.com)नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का आज 19वां दिन है। दिल्ली की सीमाओं पर किसान आज भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उधर, गृह मंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की मीटिंग चल रही है। जबकि उत्तर प्रदेश में विपक्षी पार्टियां भी किसानों के समर्थन में सड़क पर उतर रही हैं। सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता आज पैदल, साइकिल और बाइक यात्रा निकाल रहे हैं। ऐसे में पुलिस व खुफिया एजेंसियां अलर्ट हैं। लखनऊ समेत कई शहरों में सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई है। कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अपडेट्स…
- किसानों के समर्थन में सपा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को पुलिस ने उनके आवास के बाहर ही रोक लिया। उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली गई थी। आखिरकार उन्होंने अपने आवास के बाहर ही धरना शुरू किया। उन्होंने सत्ताधारी सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। कहा कि यह सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सरकार है उन्हीं के समर्थन में काम कर रही है।
- शाहजहांपुर में पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान को उनके सदर बाजार स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया है। यह खबर पाकर तमाम कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के आवास पर प्रदर्शन किया तो पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार किया है। सभी को पुलिस लाइन लाया गया है।
- प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी पर किसानों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक यह बिल वापस नहीं होता, तब तक समाजवादी किसान सड़कों पर उतरकर किसान के साथ खड़ा होगा और सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध करेगा।
- जौनपुर में सपा के पूर्व राज्य मंत्री शैलेन्द्र यादव, विधायक लकी यादव समेत तमाम कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सभी को बाजार थाना क्षेत्र के मंगलम के लॉन के समीप से पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
- फतेहपुर में सोमवार को सपा कार्यकर्ता सदर कोतवाली के नहर कॉलोनी के पास किसानों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। पुलिस ने बल प्रयोग कर सपाइयों को धरना स्थल से जबरन उठाकर धरना खत्म कराया और सभी को हिरासत में लिया है।
- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में हैं। सुबह सर्किट हाउस में अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे कार्यकर्ताओं और सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से झड़प हुई। इस दौरान धक्का देकर कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस का दरवाजा तोड़ दिया।
- चंदौली में सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर जुलूस निकाला। यहां सपाइयों की पुलिस से झड़प हुई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं गिरफ्तार किया है। सभी को नवीन मंडी स्थित अस्थाई जेल ले जाया गया है।
