दिल्ली में खालिस्तान समर्थक 2 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

National
  • पंजाब के मोगा में लहराया था खालिस्तानी झंडा

नईदिल्ली,30 अगस्त (आरएनएस)। देश की राजधानी दिल्ली में खालिस्तान समर्थक दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों की पहचान इंद्रजीत गिल और जसपाल सिंह के रूप में की गई है। आरोप है कि इन लोगों ने पंजाब में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर खालिस्तान के झंडे लहराए थे और उनके संबंध प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस से भी हैं। ये दोनों विदेश भागने की फिराक में थे, जब दिल्ली में इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इन दोनों ने पंजाब के मोगा जिला स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर खालिस्तानी झंडा फहराया था। ये लोग प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस से भी जुड़े रहे हैं। आतंकियों की गिरफ्तारी की खबर से राजधानी में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

कुछ दिन पहले एक अलर्ट जारी हुआ था, जिसमें कहा गया था कि अगर 15 अगस्त को कोई शख्स लाल किले पर खालिस्तानी झंडा फहराता है तो उसे सवा लाख डॉलर दिए जाएंगे और अगर किसी सरकारी दफ्तर पर झंडा फहराता है तो उसे ढाई हजार डॉलर दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, दोनों संदिग्धों ने एक खालिस्तानी झंडा तैयार करवाया और अपने एक अन्य साथी के साथ 15 अगस्त को पंजाब के मोगा जिले में स्थित उपायुक्त दफ्तर पर झंडा फहरा दिया। इस मामले को लेकर मोगा में एक मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसके बाद ये दोनों संदिग्ध विदेश भागने की फिराक में थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने करनाल रोड पर गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है।