सर्विस राइफल से फायर होने पर महिला सिपाही की मौत

# ## Prayagraj Zone

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के एक पुलिस थाने में तैनात महिला कांस्टेबल की मंगलवार को संतरी ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर सरकारी राइफल से गोली लगने से मौत हो गई। मृतक कांस्टेबल की पहचान प्रियंका यादव (25) के रूप में हुई है। उनकी सर्विस राइफल से गोली लगने से घायल प्रियंका को उसके सहकर्मी तुरंत मंझनपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकिस्तकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बाद में घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। प्रजापत के अनुसार, प्रियंका मूल रूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली थीं और उनके परिवार के सदस्यों को उनकी मौत के बारे में सूचित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय मंझनपुर के महिला पुलिस थाने में हुई। प्रजापत ने कहा, “2025 बैच की कांस्टेबल प्रियंका सोमवार सुबह महिला पुलिस थाने में संतरी ड्यूटी पर थीं। घटना के समय उनके पास सरकार की ओर से जारी इंसास राइफल थी।”

जांच के लिए पुलिस टीम गठित

घटना की सभी पहलुओं से जांच के लिए मंझनपुर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई है। एसपी ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने से पहले टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी और गवाहों के बयान दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, “जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रियंका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।