सीसामऊ विधानसभा सीट से विधायक नसीम सोलंकी ने आरोप लगाया है कि उनके क्षेत्र में विकास कार्यों में जानबूझकर देरी की जा रही है, जिससे उनकी छवि खराब करने की कोशिश हो रही है। बुधवार को वह पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी और सर्ताज अनवर के साथ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मिलीं और विभिन्न विभागों की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा।
पानी और सड़कों की समस्या
विधायक ने कहा कि सीसामऊ क्षेत्र में मेट्रो और बिजली विभाग की ओर से की गई खोदाई के कारण कई जगह पानी की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और सड़कें भी खराब हो गई हैं। वार्ड नंबर 15 स्थित मकराबर्टगंज कॉलोनी में पाइप लाइन टूटने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
बिजली विभाग पर भी सवाल
नसीम सोलंकी ने कहा कि बिजली विभाग ने कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए हैं, लेकिन उन्हें ठीक नहीं कराया गया। इसके अलावा क्षेत्र में सीवर और जलभराव की समस्या भी बनी हुई है। नगर निगम और संबंधित विभागों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विकास कार्य रोके जाने का आरोप
विधायक ने आरोप लगाया कि विधायक निधि से होने वाले कई विकास कार्यों को भी अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि मकराबर्टगंज नया पुरवा काली माता मंदिर के पास और वार्ड 49 में केसा के पीछे नगर निगम की जमीन पर बारातशाला का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन संबंधित एनओसी नहीं मिल रही है। वहीं जीआईसी स्कूल के सामने जर्जर नलकूप से जुड़े कार्य भी लंबित हैं।
डीएम को सौंपा ज्ञापन
नसीम सोलंकी ने जिलाधिकारी से इन समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि विकास कार्यों में लगातार हो रही देरी से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की समस्याएं और बढ़ेंगी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब करने का आश्वासन दिया।
