उन्नाव : उद्घाटन के 12वें दिन धंसा 4700 करोड़ का कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे

# ## Kanpur Zone

करीब 4700 करोड़ से बने हाईटेक कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर उद्घाटन के महज 12 दिन बाद ही सवाल खड़े हो गए हैं। उन्नाव के अचलगंज क्षेत्र के कोरारी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे किलोमीटर संख्या 64.4 के पास लखनऊ जाने वाली लेन की सड़क लगभग सात मीटर तक धंस गई।

गौरतलब है कि बीते 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदर तहसील के झाऊखेड़ा से इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था।

14 जुलाई से इस मार्ग पर यातायात शुरू हुआ था। लेकिन हाल ही में हुई बारिश के कारण शनिवार को सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। इसी बीच, एक्सप्रेसवे से गुजर रहे सपा नेता मधुसूदन यादव ने धंसी सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता और फजीहत देख कार्यदायी संस्था पीएनसी तत्काल हरकत में आई। एजेंसी ने आनन-फानन मौके पर जेसीबी और मजदूरों को भेजकर डामर की पुरानी परत उखाड़कर नई लेयर बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। इतनी जल्दी सड़क धंसने से संस्था की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है।

4700 करोड़ का एक्सप्रेसवे धंसा, पैचवर्क से थमी रफ्तार

करीब 4700 करोड़ से बना 63 किमी लंबा प्रदेश का सबसे लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे शुरू होते ही सवालों के घेरे में है। दावा था कि इस मार्ग से 45 मिनट में लखनऊ पहुंचा जा सकेगा, लेकिन सड़क धंसने से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। एक्सप्रेसवे का 45 किमी हिस्सा उन्नाव और 18 किमी लखनऊ में आता है।

कोरारी में टोल बैरियर के पास ही सड़क का एक हिस्सा धंस गया है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा कई अन्य जगहों पर भी खामियां आने के बाद आनन-फानन में पैचवर्क कराया गया है। यह पैचवर्क यात्रियों के सुहाने सफर में मुश्किलें पैदा कर रहा है।

बोले जिम्मेदार…

एनएचएआई प्रोजेक्ट मैनेजर वी कुंडू ने बताया कि बारिश में लखनऊ जाने वाली लेन में सड़क धंस गई है। जानकारी मिलने के बाद प्रभावित हिस्से की मरम्मत शुरू करा दी गई है।