कानपुर कारोबारी अमित गुप्ता हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग के बाद दोनों पैरों में लगी गोली

# ## Kanpur Zone

 कानपुर के  काकादेव के ओम चौराहे पर कारोबारी अमित कुमार गुप्ता की हत्या के मामले में रविवार को पुलिस ने नामजद आरोपी संजय ढाबा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान रोकने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि पांच सितंबर की रात अमित कुमार गुप्ता के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर हालत में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन आठ सितंबर को उनकी मौत हो गई। जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें मुख्य आरोपी संजय ढाबा के खिलाफ 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर जारी किया था वीडियो

पुलिस पूछताछ में संजय ने बताया कि एक पत्रकार ने उसे सोशल मीडिया पर खुद को निर्दोष बताते हुए वीडियो जारी करने की सलाह दी थी। इसके बाद उसने वीडियो प्रसारित कर खुद को बेगुनाह बताया। डीसीपी के अनुसार, पत्रकार की भूमिका से जुड़े इस तथ्य की भी विवेचना की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पांच सितंबर की रात सड़क पर पेशाब करने से रोकने को लेकर नशे में धुत युवकों ने अमित से विवाद के बाद मारपीट की थी।

चार आरोपियों के नाम आए सामने

आरोप है कि युवकों ने ईंट-पत्थरों से भी हमला किया। पांडुनगर पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर दूर हुई इस घटना में अमित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में हितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता, कुशल श्रीवास्तव, संजय ढाबा और अश्वनी यादव के नाम सामने आए हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दे रही है।