कजरी तीज : करनैलगंज के सरयू घाट पर जुटेंगे 12 लाख श्रद्धालु :13 और 14 सितंबर को कांवड़ मेला

# ## Gorakhpur Zone

कजरी तीज पर करनैलगंज के सरयू घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को होने वाले कांवड़ मेले में करीब 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालु सरयू में स्नान और पूजन के बाद जल लेकर पृथ्वीनाथ मंदिर, दुखहरणनाथ मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत ने अधिकारियों को सरयू घाट पर सिल्ट और जलकुंभी की सफाई, उबड़-खाबड़ रास्तों को समतल कराने और घाट परिसर की झाड़ियों की कटाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रकाश, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मेडिकल कैंप, शौचालय, विश्राम स्थल और फायर सेफ्टी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। नदी में बैरिकेडिंग के साथ अस्थायी रैंप बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, एसडीआरएफ और मोटर बोट तैनात की जाएंगी। घाट पर भीड़ नियंत्रण के साथ खोया-पाया केंद्र स्थापित करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय समेत पुलिस अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

12 सितंबर से बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

भीड़ के मद्देनजर 12 सितंबर दोपहर 12 बजे से 15 सितंबर सुबह आठ बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। बड़गांव चौराहा, गुरु नानक चौराहा और अंबेडकर चौराहा से करनैलगंज की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सरयू घाट जाने वाले मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा। करनैलगंज-आर्यनगर, खरगूपुर-आर्यनगर समेत निर्धारित मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

ट्रकों की नो एंट्री

डायवर्जन अवधि में भारी मालवाहक वाहनों और ट्रकों के जनपद मुख्यालय में प्रवेश पर रोक रहेगी। बाराबंकी से बलरामपुर जाने वाले भारी वाहन जरवल रोड-कैसरगंज-पयागपुर-श्रावस्ती होकर जाएंगे। बलरामपुर और उतरौला से लखनऊ जाने वाले वाहनों को श्रावस्ती-बहराइच-पयागपुर-कैसरगंज-जरवल रोड मार्ग से भेजा जाएगा।

हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट

लखनऊ और बाराबंकी से गोंडा आने वाले हल्के वाहन जरवल रोड-भंभुआ-भौरीगंज-परसपुर-डेहरास होकर आएंगे। गोंडा से लखनऊ जाने के लिए नवाबगंज-अयोध्या मार्ग निर्धारित किया गया है। बहराइच व बलरामपुर से अयोध्या जाने वाले वाहन श्रावस्ती-बलरामपुर-उतरौला-मनकापुर-कोल्हमपुर-लोलपुर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाने और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का ही प्रयोग करने की अपील की है।