- सीएम को आपकी चिंता, बाढ़ नियंत्रण के लिए उठाए हर जरूरी कदम : स्वतंत्र देव सिंह
लखीमपुर खीरी। सूबे के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लखीमपुर खीरी की तहसील पलिया पहुंचकर जनप्रतिनिधियों -अफसरो संग शारदा नदी पर निर्मित पलिया रेलवे पुल-97 के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम में ₹22.23 करोड़ की लागत से होने वाले चैनलाइजेशन कार्य का पूरे विधि विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने 48 परियोजनाओं का लोकार्पण, 20 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। मंत्री ने नदी तट पर फीता काटकर कार्य का शुभारंभ किया। पोकलैंड चालक धर्मा सिंह, विपिन गुर्जर, विशाल संदीप और विनोद का टीकाकर इस कार्य को शुरू कराया। इस मौके पर मुख्य रूप से विधायक रोमी साहनी, योगेश वर्मा, अमन गिरी, विनोद शंकर अवस्थी, बीजेपी जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, आयुक्त डॉ रोशन जैकब, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार,मुख्य अभियन्ता स्तर-1, रूहेलखण्ड, सिंचाई एवं जल संसाधन बरेली महेश्वरी प्रसाद,मुख्य अभियन्ता (शारदा संगठन), बरेली एच०एन० सिंह, अधीक्षण अभियन्ता, बाढ़ मण्डल धर्मेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियन्ता, बाढ़ खण्ड, शारदानगर अजय कुमार सहित कई और प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे।
इस दौरान जल शक्ति मंत्री ने आयोजित कार्यक्रम का दीप जलाकर कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों को प्रशासनिक अफसरो ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अभियंता शारदा-बरेली एचएन सिंह ने कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताई।
जल शक्ति मंत्री बोले, सीएम को आपकी चिंता, बाढ़ नियंत्रण के लिए उठाए हर जरूरी कदम जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भूमि पूजन कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए कहा, “मैं जनता जनार्दन का शीश झुकाकर प्रणाम और अभिवादन करता हूं।” उन्होंने बताया कि सीएम क्षेत्र के लोगों की चिंता कर रहे थे, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने ही बाढ़ से निजात दिलाने के लिए ड्रेजिंग और बाढ़ बचाव कार्यों को स्वीकृति दी और इसे जमीन पर साकार करने के निर्देश दिए।
आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने भूमि पूजन कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि मंडल का मुकुट है खीरी और खीरी का ताज है पलिया जलशक्ति मंत्री, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के अथक प्रयासों से बाढ़ और कटाव रोकने की सभी महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जल शक्ति मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने खीरी जनपद को समय दिया और इस कार्यक्रम में शामिल हुए।