जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहां एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ उसके सगे चाचा द्वारा पिछले एक वर्ष से दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता की मृत्यु 2 वर्ष पूर्व हो चुकी है। उसकी माता अपनी दो बड़ी बेटियों के साथ पृथक निवास करती है, जबकि पीड़िता अपनी 55 वर्षीय दादी के साथ रह रही थी।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पीड़िता की दादी जब काम के सिलसिले में घर से बाहर रहती थीं, तब बच्ची घर में अकेली होती थी। इसी स्थिति का लाभ उठाकर पास में ही रहने वाले 26 वर्षीय चाचा विशाल ने बच्ची का विश्वास जीता और उसके साथ अनैतिक कृत्य शुरू कर दिए।
मार्च 2025 से कर रहा दरिंदगी
आरोपी ने पहली बार मार्च 2025 में पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया था। उस समय बच्ची के विरोध करने पर वह भाग गया था,परंतु बाद में डरा-धमकार उसने बालिका को मौन रहने पर विवश कर दिया। इसके उपरांत आरोपी ने डराकर लगातार बालिका का शारीरिक शोषण जारी रखा।
पुलिस जुटा रही है सबूत
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विशाल के विरुद्ध सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस प्रकरण को जघन्य अपराध की श्रेणी में रखा है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी को कठोर दंड दिलाने के लिए साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। वर्तमान में पीड़िता की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और उसे आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पारिवारिक संबंधों की आड़ में किए गए इस घृणित कार्य के लिए कानून सम्मत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
