कौआ-मोर-गौरैया बताते हैं कि कितनी होगी बारिश

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)  अगले एक हफ्ते का मौसम कैसा रहेगा, यह जानने के लिए हमें मौसम विभाग के अपडेट का इंतजार करना पड़ता है। मगर बहुत सारे ऐसे लोग हैं, जिनके पास मौसम विभाग के अपडेट को जानने के लिए न मोबाइल है और न टीवी। लेकिन, उन्हें पता चल जाता है कि इस बार का मानसून कैसा रहने वाला है। आश्चर्य है न? असल में हमारे पूर्वजों ने अपने अनुभव के आधार पर अपने आस-पास की चीजों को मौसम से जोड़ दिया। वह इन्हीं चीजों को देखकर बता देते हैं कि मौसम कैसा होगा?

आज हम मौसम के उन्हीं देसी अलार्म को जानेंगे। कैसे जानवरों का व्यवहार, पेड़ों की पत्तियां और पक्षियों की आवाज आने वाले मौसम के बारे में बताती है।

गौरैया और मेंढक बारिश से पहले देते हैं संकेत
हमारे पूर्वजों ने गौरैया और मेंढक को मानसून से पहले मानसून के अच्छे-बुरे होने का संकेत माना। उनका मानना था कि अगर गौरैया मिट्टी में अठखेलियां कर रही हो, तो समझिए आने वाला मानसून भरपूर होगा। ठीक इसी तरह से माना जाता है कि मेंढक अगर बारिश से पहले ही टर्र-टर्र करने लगे, तो यह मानसून के लिए शुभ संकेत होता है। ऐसा बारिश होने से कुछ वक्त पहले ही होता है।

बेहतर मानसून की भविष्यवाणी के लिए लोग मोर पर भरोसा करते हैं। बुजुर्गों का मानना होता है कि खेतों या फिर बाग में मोर लगातार पीक मार रहा। पंख फैला रहा तो इसका सीधा सा मतलब है कि अगले 4-6 दिन के अंदर जोरदार बारिश होगी। आदिवासियों की मानसून भविष्यवाणी गिरगिट पर भी टिकी होती है। अगर, वह कहीं के लिए यात्रा शुरू कर रहे हों और सामने गिरगिट पेड़ पर चढ़ता दिख जाए तो वह यात्रा स्थगित कर देते हैं। उनका मानना होता है कि इससे जोरदार बारिश होगी।

अकबर के समय में महाकवि घाघ उन कवियों में शामिल थे जो पेड़-पक्षियों के अंदर हुए बदलाव को देखकर बता देते थे कि मानसून कैसा होगा।

पीपल-महुआ भी बताते हैं कि जोरदार बारिश होगी
पीपल धार्मिक पेड़ है। लोग पूजा-पाठ के लिए वर्षों से इस पेड़ के पास जाते हैं। गर्मियों में जब तमाम पेड़ों के पत्ते खत्म होते दिखते हैं, तब इसमें नई पत्तियां होती हैं। अगर यही पत्तियां ज्यादा हों, ज्यादा हरी हो तो गांव के लोग बता देते हैं कि इस बार जोरदार बारिश होने वाली है। ठीक इसी तरह महुआ के पेड़ को भी देखकर अनुमान लगाया जाता है। कम पत्ते-कम बारिश, ज्यादा पत्ते-ज्यादा बारिश की बात होती है।

आपने बटेर पक्षी का नाम सुना होगा। उसे लेकर तो यहां तक कहा जाता है कि आसमान पर बादल हो या न हो, अगर बटेर बोल रहा तो समझिए की आज ही बरसात होगी। ग्रामीण इलाकों में लोग बरसात से बचने के इंतजाम में जुड़ जाते हैं। ठीक इसी तरह से सांप को भी मानसून सूचक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। सांप अगर जमीन पर चलने के बजाय पेड़ों पर चढ़कर बैठने लगे तो यह माना जाता है कि आने वाले वक्त में पानी बरसने वाला है।