IT कंपनियों ने दिया 4.5 लाख लोगों को रोजगार, 15 लाख करोड़ रुपए होगा कारोबार

# ## Business

(www.arya-tv.com) (IT) कंपनियां अगले वित्त वर्ष में 4.5 लाख लोगों को रोजगार देंगी। इसी दौरान इनका रेवेन्यू पहली बार 200 अरब डॉलर यानी 15 लाख करोड़ रुपए के पार हो जाएगा।

यह सेक्टर महिलाओं को रोजगार देने के मामले में नंबर वन

IT इंडस्ट्री बॉडी नैस्कॉम ने कहा कि 2022-23 यानी अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के दौरान यह सेक्टर महिलाओं को रोजगार देने के मामले में नंबर वन रहेगा। इसमें करीबन 18 लाख महिलाएं होंगी। भारतीय IT उद्योग का रेवेन्यू अगले साल में 30 अरब डॉलर यानी करीबन 2.25 लाख करोड़ रुपए बढ़ सकता है। यह 15 लाख करोड़ रुपए के पार चला जाएगा।

 227 अरब डॉलर का सेक्टर होगा

नैस्कॉम ने अपनी रिपोर्ट जारी की है। इसमें उसने कहा है कि IT इँडस्ट्री कोरोना के पहले के साल 2019 की तुलना में दोगुना रफ्तार से बढ़ेगी। यह 227 अरब डॉलर का सेक्टर होगा। साथ ही इसमें शामिल कुल कर्मचारियों की संख्या 50 लाख के पार चली जाएगी। IT सेक्टर ने पिछले 10 सालों में 100 अरब डॉलर (7.5 लाख करोड़ रुपए) का रेवेन्यू पैदा किया है।

एक्सपोर्ट रेवेन्यू 178 अरब डॉलर 

इस इंडस्ट्री के बारे में अनुमान है कि इसका एक्सपोर्ट रेवेन्यू 178 अरब डॉलर हो जाएगा जिसमें 17% की ग्रोथ होने की उम्मीद है। बाकी रेवेन्यू घरेलू बाजार से आएगा। केंद्रीय IT मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कोविड-19 के असर के बावजूद इस सेक्टर ने पिछले दो सालों में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसने भारत के IT इंडस्ट्री के बारे में ग्लोबल इकोनॉमी को ज्यादा भरोसा दिलाया है। इस सेक्टर ने सरकार के सुधारों की सराहना की है।

5G टेक्नोलॉजी को लेकर काफी उत्साहित हैं

वैष्णव ने कहा कि वे 5G टेक्नोलॉजी को लेकर काफी उत्साहित हैं जो भारत में ही विकसित की गई है। इस चालू वित्तवर्ष में इस सेक्टर ने 4.5 लाख रोजगार दिया है। यह किसी भी एक वर्ष में अब तक का रिकॉर्ड है। इसमें से 44% महिलाओं को जॉब मिला है। निजी सेक्टर में महिलाओं को जॉब देने के मामले में यह इंडस्ट्री नंबर वन है। इस साल में IT कंपनियों ने 300 कंपनियों को खरीदने की डील भी पूरी की है।

टॉप 5 कंपनियां 1.82 लाख लोगों को देंगी रोजगार

हालांकि टॉप 5 सूचना एवं प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों ने वित्तवर्ष 2022-23 में 1.82 लाख फ्रेशर्स को नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। वित्तवर्ष मतलब अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के बीच यह रोजगार मिलेगा। इन पांच कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS), HCL टेक, विप्रो और टेक महिंद्रा के साथ इंफोसिस है। यह सभी कंपनियां अच्छा खासा मुनाफा कमाती हैं।