IPL में पाकिस्तानी क्रिकेटर्स की वापसी की उम्मीद:भारत-पाक रिश्ते सुधरे तो खत्म हो सकता है 14 साल का वनवास

Game

(www.arya-tv.com)पाकिस्तानी क्रिकेटर्स का IPL में खेलने का सपना 2022 में पूरा हो सकता है। इन खिलाड़ियों को 2008 के पहले सीजन में पहली और आखिरी बार मौका मिला था। तब 12 पाकिस्तानी प्लेयर्स IPL में खेले थे। इसके बाद से उनका 14 साल का वनवास ही चल रहा है, अगले साल इसके खत्म होने की उम्मीदें जगी हैं।

दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से खबर आई है कि भारत और पाकिस्तान इस साल 3 मैच की टी-20 सीरीज खेल सकते हैं। इसके बाद भारत की मेजबानी में ही टी-20 वर्ल्ड कप भी होगा। इसको लेकर पाकिस्तान टीम भारत का दौरा करेगी। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL में भी एंट्री मिल सकती है।

चेन्नई, पंजाब और मुंबई टीम में पाक का कोई क्रिकेटर नहीं खेला
IPL का पहला सीजन 8 टीमों के साथ 2008 में खेला गया था। तब 5 टीमों में कुल 12 पाकिस्तानी क्रिकेटर पहली और आखिरी बार टूर्नामेंट खेले थे। तब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) और मुंबई इंडियंस (MI) ही ऐसी टीमें थी, जिसमें कोई पाक क्रिकेटर शामिल नहीं था। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में सबसे ज्यादा 4 पाकिस्तानी क्रिकेटर खेले थे।

राजस्थान रॉयल्स (RR) में 3, जबकि दिल्ली डेयरडेविल्स (DD) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में 2-2 प्लेयर्स को जगह मिली थी। हैदराबाद की टीम डेक्कन चार्जर्स (DC) ने अकेले शाहिद अफरीदी को शामिल किया था।

मुंबई ने सबसे ज्यादा 5 और चेन्नई ने 3 बार खिताब जीता
2008 में राजस्थान रॉयल्स ने खिताब जीता था। उसने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को 3 विकेट से हराया था। तब से अब तक मुंबई ने सबसे ज्यादा 5 बार और चेन्नई ने 3 बार खिताब अपने नाम किया है। कोलकाता और हैदराबाद 2-2 बार चैम्पियन रही हैं। IPL का 14वां सीजन इसी साल 9 अप्रैल से 30 मई के बीच खेला जाएगा।