भारतीय कार्यसमिति की बैठक आज, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह करेंगे शुभारंभ

Lucknow

लखनऊ (www.arya-tv.com) योगी आदित्यनाथ सरकार और संगठन के तालमेल से पार्टी के चुनावी लक्ष्य संधान के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सोमवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। पंचायत चुनाव की आहट और बमुश्किल साल भर के फासले पर खड़े विधानसभा चुनाव में कामयाबी के सूत्र तलाशने के मकसद से आयोजित की जा रही इस बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा भी होगी।

केंद्रीय रक्षा मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में होने वाली इस बैठक का सुबह 11 बजे शुभारंभ करेंगे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके समापन की जिम्मेदारी निभाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में पहली बार होने जा रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक उस समय हो रही है जब कोरोना वायरस संक्रमण की विषम परिस्थितियों से जूझते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार अपने कार्यकाल के चार वर्ष भी पूरे करने जा रही है।

पंचायत चुनाव की गहमागहमी के बीच होने जा रही इस बैठक में भाजपा त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के जरिये ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जड़ें मजबूत करने के हर पहलू पर विचार करेगी। पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच मिशन-2022 पर फोकस करते हुए सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से ले जाने पर भी इस बैठक में मंथन होगा।

कार्यसमिति सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने के कार्यक्रम को भी अंतिम रूप देगी। बैठक में जिला व क्षेत्रीय स्तरों पर संगठन की समीक्षा के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में प्रदेश भर से करीब 500 नेताओं के शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की पिछली बैठक 11 अगस्त 2018 को पार्टी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय की अध्यक्षता में मेरठ में हुई थी।

पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दी गईं जिम्मेदारी : प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों के साथ इसके एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया। स्वतंत्र देव ंिसंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलग-अलग समूह बनाकर उन्हेंं कार्यसमिति बैठक से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए कार्यसमिति स्थल पर पार्टी के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों अवध, काशी, पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर और कानपुर-बुन्देलखंड से आने वाले प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों के पंजीकरण के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई है। कार्यकर्ताओं को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्यसमिति बैठक स्थल पर हेल्थ कैंप का इंतजाम भी पार्टी ने किया है।

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर, प्रदेश सह प्रभारी सत्या कुमार व संजीव चौरसिया, प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) भवानी सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी व क्षेत्रीय अध्यक्ष शामिल हुए।

शहर केसरिया रंग से सरोबार: पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को पार्टी के झंडे, बैनर व होर्डिंगों से सजाते हुए बैठक में आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत व अभिनंदन की तैयारी की है। कार्यसमिति की बैठक से पहले ही रविवार को सरकार के मंत्रियों के साथ भाजपा के पदाधिकारियों ने राजधानी में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।