प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत नई ताकत के रूप में उभर रहा है: योगी आदित्यनाथ

Lucknow
  • प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में नई ताकत के रूप में उभर रहा है
  • भारत और उत्तर प्रदेश में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई, वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी
  • प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं के परिणाम दिखायी देने लगे हैं
  • अवस्थापना सुविधाओं और विकास के दृष्टिगत बजट का आकार बढ़ने से लोगों में विश्वास की भावना दिखायी दे रही है
  • कोविड-19 के कठिन दौर से गुजरते समय प्रदेश के सम्मुख कई चुनौतियां आयीं, किन्तु प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन व विजन के अनुरूप देश व प्रदेश सुरक्षित रहा
  • कोविड-19 के दौरान राज्य सरकार द्वारा जनता की सेवा का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जो पूरे देश में मानक बना
  • प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के उद्देश्य से निःशुल्क कोचिंग हेतु ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ संचालित की जा रही है
  • महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन तथा सशक्तिकरण के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति अभियान’ का प्रारम्भ शारदीय नवरात्रि से किया गया
  • ‘अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस’ के अवसर पर 08 मार्च, 2021 से ‘मिशन शक्ति अभियान’ के दूसरे चरण का शुभारम्भ किया जा रहा है
  • राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही कर रही है, जिससे प्रदेश के प्रति धारणा में सकारात्मक बदलाव आया
  • मुख्यमंत्री ने ‘इण्डिया न्यूज’ समाचार चैनल द्वारा आयोजित ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया
  • मुख्यमंत्री ने पुस्तक ‘द रियल मोदी’ के हिन्दी, अंग्रेजी व गुजराती संस्करणों का विमोचन किया

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में नई ताकत के रूप में उभर रहा है। भारत और उत्तर प्रदेश में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं के परिणाम दिखायी देने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के परिश्रम, प्रयासों और विजन के अनुरूप हम सभी को ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। यह हम सभी की जिम्मेदारी है, जिससे प्रदेश व देश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ सके।

मुख्यमंत्री ‘इण्डिया न्यूज’ समाचार चैनल द्वारा आयोजित ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां 24 करोड़ की आबादी निवास करती है। आबादी के हिसाब से संसाधन और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट का आकार 5.50 लाख करोड़ रुपए से अधिक का रखा गया और भावी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया गया। इन योजनाओं के क्रियान्वयन पर तेजी से कार्यवाही की जाएगी। अवस्थापना सुविधाओं और विकास के दृष्टिगत बजट का आकार बढ़ने से लोगों में विश्वास की भावना दिखायी दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, नौजवान, श्रमिक, किसान व महिलाओं के उत्थान व कल्याण के उद्देश्य से बजट में प्राविधान किए गए हैं। अवस्थापना सुविधाओं व विकास पर पूरा फोकस किया गया है। कोविड-19 के बावजूद बजट का आकार बढ़ाते हुए फिजूलखर्ची और भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए वित्तीय अनुशासन स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में वैश्विक महामारी कोविड-19 से प्रभावित होने के बावजूद विकास की गति अब पूर्व की भांति फिर से बढ़ने लगी है। प्रधानमंत्री जी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ यह बजट विकास और भावी योजनाओं को मूर्तरूप प्रदान करने में सक्षम है।