भारत ने तोड़ा पाकिस्तान का रिकॉर्ड, बिहार में एक साथ फहरायें गए 77 हजार 700 तिरंगे

National

(www.arya-tv.com )बिहार ने अमित शाह की मौजूदगी में 77 हजार 700 तिरंगे फहराकर पाकिस्तान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव पर भोजपुर के जगदीशपुर में यह रिकॉर्ड बनाया गया। इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था। इस कार्यक्रम में 5 मिनट तक झंडा फहराया गया।

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के जयघोष से की। उन्होंने जगदीशपुर की धरती को युगपुरुषों की धरती बताते हुए कहा हेलिकॉप्टर से मैंने देखा कि यहां से पांच पांच किमी तक लोगों के हाथ में तिरंगा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल से ज्यादा लोग रोड पर वंदे मातरम और भारत माता की जय बोल रहे हैं। वीर कुंवर सिंह को श्रद्धाजंलि देते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास ने बाबू कुंवर सिंह के साथ अन्याय किया। उनकी वीरता के अनुरूप उन्हें जगह नहीं दी।

आज बिहार की जनता ने एक बार फिर से उनका नाम अमर करने का काम किया। शाह ने कहा- 58 साल से अनेक प्रकार के रैलियों में गया हूं। आरा में राष्ट्रभक्ति का ये उफान देखकर नि:शब्द हूं। ऐसा कार्यक्रम जीवन में कभी नहीं देखा। यहीं से प्रभु श्रीराम को मिथिला जाने की प्रेरणा मिली।

विजयोत्सव में 2 लाख से ज्यादा लोग हिस्सा लेने पहुंचे। इसे लेकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम जगदीशपुर पहुंची है। सूचना के मुताबिक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लगभग 1600 अधिकारी और कर्मचारी इस पूरे कार्यक्रम में हैं जो इस रिकॉर्ड को दर्ज कर रहे हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले एक साथ 57,500 राष्ट्रीय ध्वज फहराने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम दर्ज था। भोजपुर में कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग ड्रोन कैमरे से कराई जा रही है। इसके अलावा जिन-जिन लोगों के हाथ में राष्ट्रीय ध्वज है, उनका फिंगर प्रिंट भी लिया गया। जिससे नए रिकॉर्ड को पुख्ता किया जा सके।

इससे पहले पटना एयरपोर्ट पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का CM नीतीश कुमार ने स्वागत किया। उनके साथ BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी मौजूद रहे। BJP के कई और नेताओं ने भी उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर अमित शाह और नीतीश कुमार के बीच बैठक हुई। 10 मिनट की मीटिंग के बाद शाह आरा के जगदीशपुर के लिए रवाना हुए।