मुख्यमंत्री से संवाद में प्रधानों ने की ग्लोबल ग्राम की चर्चा

Lucknow
  • कोरोना नियन्त्रण का मुख्यमंत्री ने किया आह्वाहन

(www.arya-tv.com)लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रधानों से संवाद किया। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में प्रधान वीडियो कान्फ्रेन्सिंग से इसमें शामिल हुए। प्रधानों ने मुख्यमंत्री से ग्लोबल ग्राम प्रोजेक्ट की चर्चा करते हुये अधिकारों तथा सुविधाओं में बढ़ोत्तरी पर सरकार की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कोरोना की तीसरी लहर के दौरान प्रभावी नियन्त्रण का आह्वाहन किया।

लखनऊ के माल विकास खण्ड की ग्राम पंचायत गोड़वा बरौकी के प्रधान वीरेन्द्र शुक्ला ने अधिकारों में वृद्धि के लिये सरकार को धन्यवाद दिया। चंदौली जनपद के नौगढ़ ब्लॉक में बाघी ग्राम पंचायत के प्रधान नीलम ओहरी ने महिला सशक्तीकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि गांव में 28 स्वयं सहायता समूह के माध्यम से 200 से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया है।

बिजनौर जनपद के नजीबाबाद विकास खण्ड स्थित अहलावलपुर ग्राम पंचायत के प्रधान राहुल कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके आह्वाहन पर वह अपनी ग्राम पंचायत को ग्लोबल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित कर रहे हैं। एक ग्राम एक उत्पाद की तर्ज पर आर्थिक विकास के लिये सीएसआर की धनराशि जुटाने की जानकारी उन्होंने दी। राहुल कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम पंचायत को विकसित करने के लिये उन्होंने ग्लोबल ग्राम टीम से हाथ मिलाया है।

मेरठ के विकास खण्ड धौरहरा विकास खण्ड क्षेत्र स्थित मीठेपुर ग्राम पंचायत के प्रधान परमिन्दर सिंह ने अधिकारों में वृद्धि के लिये मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया। संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा ग्लोबल ग्राम प्रोजेक्ट के संयोजक डॉ0 अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रधानों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अच्छे कार्यों के लिये प्रधानों की प्रशंसा करते हुये आह्वाहन किया कि वह कोरोना की तीसरी लहर में अपना योगदान दें।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *