आईआईटी कानपुर के सालाना आयोजन अंतराग्नि में इस बार युवाओं के जोश और जुनून का जलवा बिखरेगा। अंतराग्नि इस बार 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होगी। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में इस बार देशभर के 350 से अधिक कॉलेज और संस्थान से जुड़े युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने आ रहे हैं। अमृत विचार इस इवेंट का मीडिया पार्टनर है।
अंतराग्नि में इस बार 75 से अधिक इवेंट आयोजित होंगे। इनमें रोड ट्रिप्स के फिनाले भी शामिल हैं।
अंतराग्नि की मीडिया एंड पब्लिसिटी हेड रिद्दिमा विजयवर्गीय ने बताया कि चार दिन के इस युवा महोत्सव में 4 मुख्य आयोजन भी होंगे। इनमें प्रमुख रूप से रॉक नाइट, ईडीएम नाइट, फ्यूजन नाइट और बिल्ट्स क्रीट शामिल हैं। इसके अलावा कार्यक्रम में फैशन का भी तड़का लगेगा। इनमें ऋतंभरा, मिस्टर व मिस अंतराग्नी व डिसेंडरा जैसे फैशन इवेंट्स भी शामिल हैं। ड्रामेटिक इवेंट की बात की जाए तो युवा इस बार अपनी प्रतिभा की पोटली में कई विषय चुनकर नुक्कड़ नाटक, स्टेज शो और माइम व मोनेट के जरिए इवेंट में रंग भरेंगे। इन खास व गंभीर इवेंट में देशभर से आए युवा विभिन्न सामाजिक संदेश भी देंगे। नुक्कड़ नाटकों में हास्य व्यंग्य के साथ ही कई गंभीर मुद्दों और चुनौतियों पर भी ध्यान आकर्षित किया जाएगा। इसके अलावा युवा नाटकों के जरिए युवाओं की समस्याओं और देश की सांस्कृतिक खूबियों पर भी ध्यान आकर्षित कराएंगे।
मेंटल वेलनेस पर भी शो
युवाओं के प्रतिभा मंच अंतराग्नि में इस बार मेंटल वेलनेस पर भी एक विशेष टॉक शो रखा गया है। इस टॉक शो में विशेष वक्ता के रूप में संदीप गौतम युवाओं को मेंटल वेलनेस के टिप्स देंगे। इस दौरान युवाओं को वे तनाव, अवसाद, अनिद्रा जैसे गंभीर मुद्दो पर भी वे अपने टॉक शो के जरिए छुएंगे। वे न सिर्फ युवाओं को इन गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे बल्कि युवाओं को इनके लक्ष्ण व इन सबसे बाहर निकलने के उपाय भी बताएंगे।
अंधकार व प्रकाश के बीच युद्ध
अंतराग्नि की थीम इस बार अंधकार व प्रकाश के बीच होने वाले युद्ध को रखा गया है। इस थीम को ‘कानरेकी रकुलम’ रखा गया है। थीम के माध्यम से युवाओं को बुराई और अच्छाई के बीच होने वाले युद्ध में जीत हमेशा अच्छाई की होती है। इस बात का संदेश दिया जाएगा। आयोजन की थीम का संदेश देने के लिए विभिन्न पेंटिंग सहित अन्य माध्यम से संदेश दिया जाएगा।
-4 दिन चलेगा युवाओं का महोत्सव
-350 कॉलेज व संस्थान होंगे शामिल
-75 से अधिक होंगे युवाओं के इवेंट
-9 अक्टूबर से होगी महोत्सव की शुरुआत