पूर्ववर्ती सरकारों में बेसिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। लेकिन योगी सरकार में विद्यालय चमक रहे हैं। प्रदेश के सभी विद्यालय मूलभूत सुविधाओं से संपन्न हो चुके हैं। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक हर योग्यता में प्राइवेट विद्यालयों से बेहतर कार्य कर रहे हैं। जिसका परिणाम है कि बच्चे शिक्षा के साथ ही खेल में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। ये बातें सोमवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहीं। वह डाभासेमर के डॉ. आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में आयोजित तीन दिवसीय 36 वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता खेलो तो खिलोगे का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खेलों में प्रतिभाग करने से बच्चे अपनी क्षमता को आगे ले जाने के जज्बे के साथ ही टीम व प्रतिस्पर्धा की भावना के विकास, और नवीन चुनौतियों का सामना करने के साथ बाधा पार करते हुए विजय प्राप्त करना सीखते हैं। खेल शारीरिक विकास के साथ चरित्र निर्माण करता है और सीखने समझने की क्षमता बढ़ाता है। इससे जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता है।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा सरकार की योजनाओं से ग्रामीण अंचल से निकलकर बच्चे ब्लॉक, जिला मंडल व प्रदेश स्तर पर नाम रोशन करते है,जो बच्चों को अच्छा करने के लिए प्रेरित करता है। मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि योगी सरकार में खेलों को बढ़ावा मिला है और बच्चे निरंतर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, विशिष्ट अतिथि रुदौली विधायक राम चन्द्र यादव, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हवा में रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर समारोह का उद्घाटन किया। विद्यालयों के बच्चों ने स्वागत गीत के साथ अतिथियों का अभिनन्दन किया। मैदान पर हुई आतिशबाजी ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
एडी बेसिक कौस्तुभ कुमार सिंह बीएसए लालचंद ने अतिथियों का बैज लगाकर कर स्वागत किया और श्रीराम मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट किया। प्रदेश के सभी मंडलों की टीमों ने मार्च पास्ट किया और मुख्य अतिथि ने सलामी ली। सुल्तानपुर की अनुश्री ने सभी टीमों को शपथ दिलाई और मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, देवीपाटन एडी बेसिक रमापति राम त्रिपाठी, झांसी एडी बेसिक संतोष देव पांडेय, गोरखपुर एडी बेसिक संगीता सिंह, अयोध्या बीएसए लालचंद, अमेठी बीएसए संजय तिवारी, बाराबंकी बीएसए नवीन पाठक, आंबेडकरनगर बीएसए शैलेष पटेल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, खिलाड़ी, गणमान्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।
400 मीटर दौड़ में विदुषी, कार्तिक व 600 में अतिया, आकाश ने बाजी मारी
प्रदेश स्तरीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के पहले दिन प्राथमिक स्तर 400 मीटर बालिका दौड़ में विदुषी पांडेय गाजीपुर ने प्रथम, रोशनी कासगंज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में कार्तिक अमरोहा ने प्रथम, संजय उन्नाव ने द्वितीय व राजेंद्र गाजीपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में अतिया देवरिया प्रथम, शिवांगी यादव जौनपुर द्वितीय व करिश्मा तृतीय स्थान रहीं। बालक वर्ग में आकाश गाजीपुर प्रथम, अर्जुन रामपुर द्वितीय व अमन बुलंदशहर तृतीय स्थान पर रहे।
