Honda India Strategy: टू-व्हीलर मार्केट पर होंडा का बड़ा दांव, फेस्टिव सीज़न में उतरेंगे नए धासू मॉडल्स!

# ## Business

नई दिल्ली। जापान की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा मोटर ने भारतीय दोपहिया वाहन बाजार की दीर्घकालिक विकास संभावनाओं पर भरोसा जताया है। कंपनी का मानना है कि व्यक्तिगत परिवहन की बढ़ती जरूरत, कार्यबल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, प्रीमियम दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी ढांचा आने वाले वर्षों में इस उद्योग की वृद्धि को मजबूती देगा।

त्योहारी सीजन में आएंगे कई नए मॉडल

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) त्सुत्सुमु ओतानी ने बताया कि कंपनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए उत्पादों की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की दूसरी छमाही, विशेष रूप से त्योहारी सीजन के दौरान, कंपनी कई नए मॉडल बाजार में उतारेगी।

वित्त वर्ष 2025-26 में उद्योग ने दर्ज की मजबूत वृद्धि

ओतानी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय दोपहिया उद्योग ने ग्रामीण मांग में सुधार, प्रीमियम वाहनों की बढ़ती बिक्री, निर्यात में मजबूती और सरकार की अनुकूल नीतियों के कारण बेहतर प्रदर्शन किया।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 10.7 प्रतिशत बढ़कर 2,17,5,974 इकाई रही, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा करीब 1.96 करोड़ इकाई था।

चालू वित्त वर्ष में भी जारी रह सकती है वृद्धि

होंडा का अनुमान है कि मौजूदा वित्त वर्ष में भी उद्योग की वृद्धि जारी रहेगी, हालांकि इसकी रफ्तार पिछले वर्ष की तुलना में कुछ धीमी हो सकती है।

कंपनी का कहना है कि वर्ष की पहली छमाही में मजबूत घरेलू मांग और उद्योग के सकारात्मक माहौल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं दूसरी छमाही में प्रदर्शन मानसून, ग्रामीण आय, वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों, लॉजिस्टिक लागत और कच्चे माल की कीमतों जैसे कारकों पर निर्भर करेगा।

भारत बना हुआ है होंडा के लिए अहम बाजार

ओतानी ने कहा कि भारत होंडा के लिए वैश्विक स्तर पर एक रणनीतिक और महत्वपूर्ण बाजार है। कंपनी का फोकस ऐसे उत्पाद पेश करने पर है, जो ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं को पूरा करें और साथ ही घरेलू बिक्री एवं निर्यात दोनों को मजबूत बनाएं।

उन्होंने कहा कि बदलती बाजार परिस्थितियों के अनुरूप कंपनी दीर्घकालिक और टिकाऊ मूल्य सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी रहेगा फोकस

होंडा ने स्पष्ट किया कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उसकी दीर्घकालिक रणनीति का अहम हिस्सा है। कंपनी बाजार की मांग और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) इकोसिस्टम के विकास के अनुरूप अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार करने की तैयारी कर रही है।