हिसार में ऑनर किलिंग, पार्क में बैठे प्रेमी जोड़े की गोलियां मारकर हत्या; 2 माह पहले की थी लव मैरिज

# ## National

(www.arya-tv.com)हरियाणा के हिसार में प्रेमी जोड़े की हत्या का मामला सामने आया है। हांसी के लाला हुकुम चंद चैन पार्क में प्रेमी जोड़ा बैठा था। तभी बाइक सवार दो लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस ऑनर किलिंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रेमी जोड़े ने 2 माह पहले ही प्रेम विवाह (Love Marriage) की थी। वारदात सोमवार सुबह 9 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में ले लिए हैं।

दोनों के परिजनों से पुलिस जानकारी जुटा रही है। पार्क में सुबह के समय प्रेमी जोड़ा बैठा हुआ था। तभी बाइक पर दो युवक आए और पति-पत्नी पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। 7 राउंड फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेमी जोड़े की मौके पर ही मौत हो गई।

नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत था तेजवीर

पति की पहचान हिसार के गांव बड़ाला के रहने वाले तेजवीर के तौर पर हुई है। पत्नी गांव सुल्तानपुर की मीना थी। दोनों के बीच अफेयर चल रहा था। दो माह पहले ही लव मैरिज की थी। तेजवीर नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत था। आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। अभी आरोपियों को सुराग नहीं लग सका है। वारदात के बाद आसपास दहशत का माहौल है। जिस समय बदमाशों ने फायरिंग की, पार्क में काफी लोग टहल रहे थे।

पुलिस को मौके से मिले 7 खोल

वारदात के बाद डीएसपी धीरज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस को पार्क से 7 खोल मिले हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजे गए हैं। हत्याकांड के बाद पार्क को सील कर दिया गया है। पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है। डीएसपी ने कहा कि दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक तौर पर लग रहा है कि दोनों पहले से ही शादीशुदा थे। अभी ज्यादा जानकारी नहीं है। परिजनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।