कोविड मरीजों के लिए हेल्पलाइन नम्बर- 0522 2217044 जारी:अमित मोहन

# ## Lucknow
  • इच्छुक विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य विभाग या एन0एच0एम0 की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते है

(www.arya-tv.com)अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में सर्विलांस की कार्यवाही के अन्तर्गत 2,57,153 सर्विलांस टीम द्वारा 1,78,65,534 घरों के 8,98,31,477 लोगों का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 62,443 कोविड हेल्प डेस्क स्थापित कर दिये गये है।

इन कोविड हेल्प डेस्क के माध्यम से 6,58,067 से अधिक लक्षणात्मक लोग चिन्हित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि आरोग्य सेतु ऐप पर अलर्ट जनरेट होने पर कन्ट्रोल रूम द्वारा फोन कर अब तक 9,17,330 लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी पोर्टल का लगातार प्रयोग किया जा रहा है।

कल 1720 लोगों ने ई-संजीवनी पोर्टल का प्रयोग करते हुए डाॅक्टरों से सलाह ली। इस प्रकार अब तक 31690 लोग ई-संजीवनी पोर्टल से लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों का कोविड-19 के दृष्टिगत सेवा प्रदान करने हेतु विज्ञापन दिया गया है। इच्छुक विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य विभाग या एन0एच0एम0 की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते है। इस प्रकार पंजीकृत डाक्टरों से उनके घर के नजदीक किसी चिकित्सालय में सेवा ली जायेगी।

इन चिकित्सकों को मानदेय सहित बीमा व अन्य सुविधाएं दी जायेंगी, जो कोविड इलाज के दौरान अन्य चिकित्सकों को प्राप्त है। उन्होंने बताया कि कोविड मरीजों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक हेल्पलाइन नम्बर- 0522 2217044 जारी किया गया है। किसी भी कोविड मरीज को अस्पताल में भर्ती होने में किसी प्रकार की समस्या होती है तो वह इस नम्बर पर सम्पर्क कर सकता है।