ऑपरेशन के बाद बिगड़ी प्रसूता की तबीयत, लखनऊ पहुंचते ही मिली मौत की खबर! आधी रात नर्सिंग होम में हंगामा

# ## UP

शहर के एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के जरिए प्रसव के बाद एक प्रसूता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल प्रबंधन ने उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर परिजनों को बताया गया कि महिला की करीब दो घंटे पहले ही मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस नर्सिंग होम पहुंचे और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, पाली थाना क्षेत्र के गुरुधरु मजरा दौलतपुर निवासी प्रमोद कुमार बाजपेई ने सोमवार शाम अपनी पत्नी रुचि को प्रसव पीड़ा होने पर शहर के जिंदपीर चौराहे के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। शाम करीब 6:30 बजे ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में ही रुचि की तबीयत बिगड़ गई।

लखनऊ पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया- पहले ही हो चुकी थी मौत

प्रमोद कुमार के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे नर्सिंग होम की ओर से उनकी पत्नी को लखनऊ के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि महिला की करीब दो घंटे पहले ही मौत हो चुकी थी। यह सुनते ही परिजन स्तब्ध रह गए।

शव लेकर नर्सिंग होम पहुंचे परिजन, किया हंगामा

लखनऊ से शव लेकर परिजन सीधे हरदोई स्थित नर्सिंग होम पहुंचे और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।