गोरखपुर में दिल्ली और मुंबई से आए 200 यात्रियों की जांच, आठ लोग मिले कोरोना संक्रमित

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर(www.arya-tv.com) मुंबई और दिल्ली से आने वाले लोगों में कोरोना का संक्रमण मिलने लगा है। बृहस्पतिवार को विभिन्न रेलगाड़ियों से दिल्ली व मुंबई से आए 200 यात्रियों की जांच की गई तो आठ लोग संक्रमित मिले। जबकि सात स्थानीय पॉजिटिव मिले हैं।

सभी को होम आइसोलेट की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों में 15 लोगों के पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21,582 हो गई है। इनमें 21,137 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 366 की मौत हो चुकी है। जबकि सक्रिय केसों की संख्या 84 हो गई है।

मुंबई और दिल्ली से आने वाले लोगों की संघन जांच के निर्देश मिलने के बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की कई टीमें जांच के लिए रेलवे स्टेशन पर लगाई गई थीं। दिल्ली और मुंबई से आने वाले करीब 200 यात्रियों की जांच रेलवे स्टेशन पर एंटीजन किट से की गई। चार लोगों का सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया है।

जो यात्री संक्रमित मिले हैं उनमें से कृष्णानगर निवासी 51 वर्षीय महिला दिल्ली से आई हैं। जबकि सिवान के दो और देवरिया का एक युवक मुंबई से आए हैं। चार अन्य लोग भी मुंबई से आए हैं। इन लोगों में कोरोना के लक्षण नहीं थे, लेकिन जब एंटीजन किट से जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि संक्रमित मरीजों में सात शहरी और आठ ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

ट्रैवेल हिस्ट्री के आधार पर होगी जांच

दिल्ली-मुंबई से लौटे लोगों की ट्रैवेल हिस्ट्री के आधार पर 25 लोगों की जांच की जाएगी। इन लोगों को 14 दिनों तक होम आइसोलेट की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर तत्काल विभाग से संपर्क करने को कहा गया है। इन्हें तीन से चार लोगों के नमूने जीन सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जा सकते हैं।