झूलेलाल घाट पर गोमती की महाआरती आज… 21 वर्ष पूर्ण होने पर 21 सौ दीपकों से जगमगाया कुड़ियाघाट

# ## Lucknow

सनातन महासभा की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बुधवार को शाम 5:30 बजे गोमती तट स्थित झूलेलाल घाट पर गोमती की महाआरती और सनातन समागम का आयोजन किया जाएगा। सनातन महासभा के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण ने बताया कि इस मौके पर बच्चों व महिलाओं के लिए गीता, रामायण, राष्ट्र व शरीर विज्ञान पर प्रश्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देव दीपावली पर गोमती बचाव दीपदान संकल्प भी दिलाया जाएगा।

कुड़ियाघाट पर भव्य देव दीपावली का आयोजन

गोमती की नित्य आरती के 21 वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को कुड़ियाघाट पर भव्य देव दीपावली का आयोजन हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा ने उपस्थित लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने का संकल्प दिलाया और कहा कि यही भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में वास्तविक कदम है।डॉ. शर्मा ने शुभ संस्कार समिति एवं रोटी कपड़ा फाउंडेशन के सदस्यों को गोमती संरक्षण के लिए उनके सतत प्रयासों पर बधाई दी। घाट पर श्रद्धालुओं ने 2100 दीपों से ‘ॐ’, ‘स्वस्तिक’ और ‘जय श्रीराम’ जैसे प्रतीक बनाकर वातावरण को आलोकित किया।

कार्यक्रम में डॉ. शर्मा ने लक्ष्मीकांत पांडेय, डॉ. विवेक तांगड़ी, ज्ञान किशोर श्रीवास्तव, ऋद्धि किशोर गौड़ और कृष्णानंद राय को स्वदेशी ब्रांड एंबेसडर के रूप में सम्मानित किया। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राहुल राज रस्तोगी, पार्षद अनुराग मिश्रा और मनीष रस्तोगी को भी सम्मानित किया गया।

देव दीपावली के अंत में गोमती की भव्य आरती उतारी गई। कार्यक्रम में रोटी कपड़ा फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश आनंद, उपाध्यक्ष आकांक्षा आनंद, अजय मेहरोत्रा, आशीष अग्रवाल, धर्म रक्षा संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहित शर्मा, प्रदीप कुमार, अतुल गुप्ता, राजेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। इस अवसर पर कपिश्वर वैदिक गुरुकुल के बच्चों ने वेदपाठ कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक स्वर दिया।