जलस्तर बढ़ने से लोग नहीं कर रहे नाव पर सैर:2000 नाविकों पर संकट

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com)  प्रयागराज में संगम पर गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। यही कारण है कि यहां पर्यटकों को नाव की सवारी कराने वाले करीब 2000 नाविकों पर खतरा मंडराने लगा है। जलस्तर बढ़ने से लोग नाव पर सैर करने से बचने लगे हैं। ऐसे में नाविकों के आय का जरिया बिल्कुल कम हो गया है। संगम से लेकर वीआईपी घाट तक एक तरफ से 2 हजार से ज्यादा नाव खड़ी हैं। दिन भर 2 से 4 लोग ही नाव पर बैठना पसंद करते हैं। यह स्थिति करीब डेढ़ माह से हो रही है। नाविकों ने कहा, पूरे एक साल में यही सीजन हम लोगों केलिए  बहुत ही खराब होता है। यहां कई ऐसे नाविक हैं जो 30-35 वर्षों से यहां नाव चलाकर अपने परिवार का खर्च चला रहे हैं।

गंगा मईया भरती हैं परिवार का पेट

संगम के पास VIP घाट पर 35 साल से नाव चलाने वाले घनश्याम निषाद बताते हैं कि हमारे पूरे परिवार का पेट तो गंगा मईया ही भरती हैं। पूरे साल हम यहीं पर रहते हैं और यहां आने वाले लोगाें को नाव में बिठाकर संगम की सैर कराते हैं। विशाल निषाद बताते हैं कि इस समय यमुना और गंगा का जलस्तर ज्यादा बढ़ने लगा है। आने वाले लोग भी नाव की सवारी नहीं करना चाहते हैं। ज्यादा खतरा दिखने पर हम नाविक खुद नाव नहीं चलाते हैं। मोनू निषाद

बताते हैं कि संगम नोज से लेकर वीआईपी घाट तक नाव लाइन से खड़ी हैं। हम लोग गंगा मईया से मनाते हैं कि जलस्तर अब कम हो ताकि हमारी रोजी रोटी चलती रहे।

लाइफ जैकेट न मिलने से होता है खतरा

2000 से ज्यादा नावें यहां चलती हैं लेकिन 90% नाविकों के पास लाइफ जैकेट नहीं है। प्रशासन की ओर से माघ या कुंभ मेले में कुछ लाइफ जैकेट नाविकों को उपलब्ध कराई जाती है। इन दिनों जो भी नावें चल रही हैं उनमें लाइफ जैकेट नहीं रखे हैं। यही कारण है कि नाविक और पर्यटक बिना लाइफ जैकेट पहने ही नाव पर चल रहे हैं।