- वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट से लेकर वृद्धाश्रम, छठ घाट और टाउनशिप तक कई प्रस्ताव पारित
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में नगर निगम सदन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में पार्षदों के साथ नगर आयुक्त गौरव कुमार और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

- स्वच्छता और ऊर्जा पर फोकस, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट को मंजूरी
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इससे शहर में बढ़ते कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
- छठ घाट, शादी घर और चिकित्सकीय सुविधाओं के विस्तार को स्वीकृति
ग्राम हरिहरपुर, परगना बिजनौर, तहसील सरोजनीनगर स्थित गाटा संख्या 433ख (1.4710 हेक्टेयर) भूमि को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय कॉम्प्लेक्स, आवास और गैरेज निर्माण के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के पक्ष में पुनर्ग्रहण करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके साथ ही ग्राम हरिहरपुर की तालाब खाते में दर्ज भूमि पर छठ पूजा स्थल (घाट) निर्माण को मंजूरी दी गई। ग्राम हसनपुर खेवली की भूमि पर शादी घर (कल्याण मंडप) निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
- वृद्धाश्रम, महिला हॉस्टल और डॉग शेल्टर निर्माण का निर्णय
ग्राम मस्तेमऊ, तहसील मोहनलालगंज की 1.037 हेक्टेयर भूमि पर सीएसआर निधि के अंतर्गत निराश्रित बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम और महिला हॉस्टल निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा ग्राम जेहटा और ग्राम नटकुर की भूमि पर डॉग शेल्टर होम निर्माण को भी मंजूरी दी गई। ग्राम हरिहरपुर की गाटा संख्या 479/0.5970 हेक्टेयर भूमि पर उत्सव वाटिका/शादी घर निर्माण के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली।
- शूटिंग रेंज, टाउनशिप और हरियाली बढ़ाने पर जोर
ग्राम अमौसी स्थित लगभग 41.60 एकड़ भूमि के हस्तांतरण के साथ शूटिंग रेंज और टाउनशिप के नियोजित विकास संबंधी प्रस्ताव को सदन की मंजूरी मिली। इसके साथ ही मियावाकी पद्धति के अंतर्गत हरियाली बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग को भूमि उपलब्ध कराने सहित अन्य प्रस्तावों को भी पारित किया गया।
