BJP Leader Death: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत हो गई. उन्हें छत से नीचे गिरा देख आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पूर्व मंत्री भुर्जी कैसे विधायक निवास की 7वीं मंजिल से नीचे गिरे. फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
नानकदीन भुर्जी भाजपा के नेता थे और इस समय पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी के रूप में काम कर रहे थे. जैसे ही उनके विधायक निवास से गिरने की सूचना घरवालों और समर्थकों को मिली, सभी घटनास्थल और सिविल अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े. पूर्व मंत्री के बेटे भी सिविल अस्पताल में अपने पिता को देखने पहुंचे थे.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मामले की सूचना मिलने के बाद समर्थक भी सिविल अस्पताल के मोर्चरी के बाहर जुट गए. इसी बीच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस संबंध में पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से बच रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने और जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है.
पूर्व मंत्री भुर्जी की मौत को लेकर सभी के मन में एक ही सवाल पैदा हो रहा है कि आखिर वो विधायक निवास से गिरे कैसे. नानकदीन भुर्जी पार्टी के कार्यक्रमों में काफी सक्रिय रहते थे. वो फिलहाल भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी के रूप में काम कर रहे थे. उनके मौत की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई.
सीसीटीवी से जुटाये जा रहे फुटेज
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाये जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पूर्व मंत्री किन परिस्थितियों में विधायक निवास के 7वीं मंजिल से नीचे गिरे.
