(www.arya-tv.com) विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर गोरखपुर में शहर काजी से ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने 70 लोगों की विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर शहर काजी से 24 लाख रुपए वसूल लिए। फिर सभी का फर्जी एग्रीमेंट कर उनमें से 12 लोगों को दुबई भी बुला लिया।
वहां पहुंचने पर बेरोजगारों को पता लगा कि उनकी नौकरी नहीं लगी है तो उन्होंने शहर काजी को फोन कर इसकी जानकारी दी। मजबूरी में शहर काजी को अपने पास से 6.15 लाख रुपए खर्च कर सभी को पहले होटल में रहने और खाने की व्यवस्था करानी पड़ी और फिर फ्लाइट का टिकट देकर वापस बुलाया।
राजघाट पुलिस ने दर्ज की FIR
जब शहर काजी ने जालसाज से इसकी शिकायत की तो पहले उसने रुपए वापस देने की बात कही। लेकिन, बाद में वह उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। अब शहर काजी की शिकायत पर राजघाट पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
70 लोगों की नौकरी लगवा रहे थे शहर काजी
शहर के राजघाट इलाके के तुर्कमानपुर के रहने वाले शहर काजी मोहम्मद अजहर ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया है, वे काफी समय से शहर में रहने वाले बेसहारा और गरीब लोगों की मदद करते हैं। उनके कुछ जानने वाले लोगों ने उनसे आग्रह किया कि वे किसी से कहकर उनकी दुबई में नौकरी लगवा दें।
लोगों के कहने पर शहर काजी ने अपने परिचित फुकरान अली जो कि बस्ती जिले का रहने वाला है और भिवंडी महाराष्ट्र में मैनपावर का काम करता है से बात की। फुकरान से शहर काजी से कहा कि उसके पास दुबई में 70 लोगों के लिए वैकेंसी आई है। वहां चॉकलेट और परफ्यूम कंपनी में विभिन्न पदों के लिए काम है।
जालसाज ने 49 लोगों से मंगवा लिए 24.30 लाख रुपए
नौकरी के एवज में फुकरान ने शहर काजी से प्रत्येक व्यक्ति के वीजा से पहले 30 हजार और वीजा मिलने के बाद 40 हजार यानी कि कुल 70 हजार रुपए की डिमांड की। फुकरान ने उन्हें डिलाइट चॉकलेट कंपनी का एग्रीमेंट भी भेजा। इसके बाद उसकी बातों पर विश्वास करते हुए 49 लोगों ने 24.30 लाख रुपए उसके और उसकी पत्नी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए।
फर्जी एग्रीमेंट भेज 12 लोगों को दुबई बुला लिया
रुपए मिलने के बाद फुकरान ने 12 लोगों का वीजा भी भेजा और उन्हें दुबई बुला लिया। लेकिन, बेरोजगारों के दुबई पहुंचने पर पता चला कि उनकी नौकरी नहीं लगी है, बल्कि उनका एग्रीमेंट भी फर्जी है। इसके बाद सभी 12 पीड़ितों ने इसकी जानकारी शहर काजी को दी। शहर काजी ने दुबई में फंसे 12 बेरोजगारों की मजबूरी को देखते हुए उनके वहां होटल में रहने, खाने की व्यवस्था की और फिर 6.15 लाख रुपए खर्च कर सभी को वापस बुलाया।
जालसाज और उसकी पत्नी समेत 4 पर केस
जब शहर काजी ने फुकरान से अपने रुपए वापस मांगे तो वह पहले तो टाल मटोल करता रहा और अब जान से मारने की धमकी दे रहा है। फिलहाल पुलिस शहर काजी की शिकायत पर फुकरान अली, उसकी पत्नी इमराना खातून, फारुख अली और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।