UP: सिर का कंकाल मिलने के बाद सूखे तालाब में बोरी में भरी मिलीं हड्डियां

# ## UP

गांव बरेंग में सेवाराम की सरसों के खेत में सिर का कंकाल मिलने के दूसरे दिन रविवार को गांव के किनारे स्थित सूखे तालाब में हड्डियों से भरी बोरी मिलने से दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 और पुलिस टीम ने बोरी में मिली हड्डियों को बकरा व मुर्गी की बताकर गड्ढे में दफन करा दिया।

शनिवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर सेवाराम के सरसों के खेत में मांस विहीन सिर का कंकाल और कुछ हड्डियां मिलने पर पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा था। कंकाल मिलने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौके पर पहुंच गए। कंकाल की पहचान ग्रामीणों ने 31 जनवरी को बहला फुसलाकर ले जाई गई पूर्व प्रधान की पत्नी के रूप में की। उन्होंने यह पहचान दांतों की बनावट और ब्लाउज के आधार पर की। मामले में पूर्व प्रधान ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कंकाल मिलने के बाद शनिवार को पुलिस ने ग्रामीणों के साथ आसपास के खेतों, झाड़-झंखड़ वाले बाग और तालाबों में धड़ की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

रविवार सुबह ग्रामीणों ने फिर खोजबीन शुरू की तो गांव के बाहर सूखे तालाब में पड़ी एक बोरी में हड्डियां मिलीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने इन हड्डियों को मानव अवशेष मानने से इनकार करते हुए बकरे व मुर्गी की हड्डियां बताया और उन्हें दफन करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बोरी में मिली हड्डियां पूरी तरह साफ थीं और रात में अचानक वहां पहुंचना संदेह पैदा करता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यह हड्डियां बकरा और मुर्गी की नहीं हैं। गांव में लगातार मिल रहे अवशेषों और महिला के लापता होने के मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। गांव बरेंग में लगातार दो दिन तक अलग-अलग स्थानों पर हड्डियां मिलने की घटनाओं ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण इसे गंभीर मामला मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

पुलिस कह रही बकरे-मुर्गी की तो ग्रामीण कर रहे इंसान की हड्डियां होने का दावा
सूचना मिलने पर डायल 112 मौके पर पहुंची और जांच के बाद बताया कि यह हड्डियां बकरा, मुर्गा और कुत्तों की हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दफना दिया। जबकि ग्रामीणों को यह हड्डियां इंसान की लग रही थीं। ऐसे में अगर एक बार जांच करा ली गई होती तो स्थिति साफ हो सकती थी कि मिली हड्डियां वाकई पशु-पक्षियों की थी या फिर इंसान की। लेकिन इसकी जरूरत नहीं समझी गई, सिर्फ आंखों देखी पर भरोसा करके हड्डियां गड़वा दी गईं। दूसरी ओर यह सवाल अभी बाकी है कि अगर मिला सिर का कंकाल पूर्व प्रधान की पत्नी का है तो फिर धड़ कहां गया।

पूर्व प्रधान के समर्थक करते रहे खुदाई
पूर्व प्रधान की पत्नी का संदिग्ध कंकाल मिलने के बाद रविवार को पूर्व प्रधान ने समर्थकों के साथ गांव में कई स्थानों पर खुदाई की। आशंका जताई जा रही है कि पूर्व प्रधान की पत्नी का धड़ भी कहीं गाड़ा गया होगा। पूर्व प्रधान की खुदाई इसी दिशा में मानी जा रही है। उन्होंने कई स्थानों पर एक के बाद एक खुदाई की, लेकिन मिला कुछ नहीं। दूसरी ओर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में तालाब में बोरे में हड्डियां मिली हैं। शनिवार को सिर का कंकाल मिला था, उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया है। सिर के कंकाल की डीएनए जांच कराई जाएगी। एक महिला दो माह से लापता थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिला का कंकाल हो सकता है। जांच कई बिंदुओं पर चल रही है।