दिल्ली में बाढ़: अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़कर 208.46 मीटर के पार पहुंची यमुना, कई इलाके खाली करने की चेतावनी

National

(www.arya-tv.com) दिल्ली में यमुना नदी के उफान की वजह से इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से कई निचले इलाके डूब गए हैं और अब बाढ़ का पानी सड़कों तक आ गया है, जिसके चलते कुछ रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। गुरुवार की सुबह छह बजे यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर तक पहुंच गया। यमुना का यह जलस्तर अब तक का एक रिकॉर्ड है। इससे पहले बुधवार की रात 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.05 मीटर तक पहुंच गया था।

यमुना के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर दिल्ली में यमुना नदी के पास बसे इलाकों में दिखने लगा है। हालात कुछ ऐसे हैं कि यमुना के पास बसी बस्तियों में कई फीट पानी भर चुका है। इतना ही नहीं यमुना बाजार की दीवार से पानी भी रिसने लगा है। दिल्ली में बाढ़ के खतरे के बीच प्रशासन भी सतर्क है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यमुना के जलस्तर को देखते हुए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की आपात बैठक बुलाई है।

यह मीटिंग दोपहर 12 बजे होगी। बता दें कि यमुना में जलस्तर के लगातार बढ़ने की वजह बीते कुछ दिनों से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हो रही लगातार बारिश है। जिस वजह से दिल्ली के आसपास के तमाम बांधों में क्षमता से अधिक पानी है। लिहाजा इन बांधों के फाटक को खोल दिया गया है। जिस वजह से दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।