आगरा में घनी आबादी के बीच पांच मंजिला जूता फैक्‍ट्री में लगी आग, जानें कितना हुआ नुकसान

UP

(www.arya-tv.com) छत्ता क्षेत्र के जीवनी मंडी में शुक्रवार सुबह पांच मंजिला जूता फैक्ट्री में आग लग गई। कर्मचारियों के पहुंचने पर जानकारी हुई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में कर लिया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।

छत्ता के मातांगी टावर निवासी लवेश की चंदा पान वाली गली में आरके इंटरप्राइजेज नाम से जूता फैक्ट्री है। पांच मजिला जूता फैक्ट्री में सभी तलों पर जूते का काम होता है। गुरुवार रात को कर्मचारी फैक्ट्री बंद करके गए थे। शुक्रवार सुबह नौ बजे कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे तो अंदर से धुआं निकलता दिखा। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री मालिक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

आग की चपेट में आकर फैक्ट्री के दो हाल में रखे सोल खाक हो गए। पांच मंजिला जूता फैक्ट्री में आग से आसपास के इलाके में भी भगदड़ मच गई। आसपास की दुकानों से लोगों ने अपना सामान बाहर निकाल लिया। मगर, समय रहते जानकारी मिलने के कारण पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम समय से पहुंच गई।इसके बाद आग को बढ़ने से पहले ही काबू में कर लिया गया।