प्रियंका गांधी को 30 घंटे हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने पहुंचीं प्रियंका गांधी को UP पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें सीतापुर स्थित पीएसी के गेस्ट हाउस में 30 घंटे हिरासत में रखने के बाद गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और शांतिभंग की आशंका समेत 10 धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस कुछ देर में उन्हें कोर्ट में पेश करेगी। बता दें पुलिस ने प्रियंका समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, इनमें कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी शामिल हैं।

उधर प्रियंका की गिरफ्तारी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने गेस्ट हाउस के बाहर बैरिकेड्स तोड़ दिए और नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हो गई, क्योंकि कार्यकर्ता खाना बनाने का सामान और टेंट लेकर पहुंच गए थे और पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

वहीं प्रियंका ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है। उन्होंने किसानों को जीप से कुचलने का वीडियो शेयर करते हुए पूछा है, ‘आप आजादी का अमृत उत्सव मनाने लखनऊ आए हैं। आपने लखीमपुर खीरी का यह वीडियो देखा है। जिसमें आपकी सरकार के एक मंत्री के बेटे की गाड़ी के नीचे किसानों को कुचलते हुए दिखाया गया है।’

प्रियंका ने पीएम से सवाल किया है कि मंत्री और उनका बेटा अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए हैं? आप इस वीडियो को देखिए और देश को बताइए कि मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया? और मेरे जैसे विपक्षी नेताओं को बिना किसी FIR के हिरासत में क्यों रखा हुआ है? कांग्रेस महासचिव ने पीएम मोदी से लखीमपुर आकर पीड़ित किसानों से मिलने का आग्रह किया है।