18 लाख के नकली नोट! इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों में तस्करी का खेल, कैसे धंधेबाजों का सेफ जोन बना ये इलाका

# ## National

(www.arya-tv.com) भारत-नेपाल पर सीमा पर स्थित सीतामढ़ी जिला है। बॉर्डर के किनारे वाले इलाकों से बड़े पैमाने पर तस्करी का धंधा हमेशा से फलता- फूलता रहा है। तस्करी में शराब, नशीली दवा के साथ ही जाली नोट का खूब कारोबार चलता है।

शराबबंदी के बाद से इन क्षेत्रों में नशीली दवाओं का कारोबार अधिक हो गया है। वहीं, शराब का कारोबार प्रतिदिन होता है। बॉर्डर से बड़ी संख्या में शराब तस्कर और पियक्कड़ पकड़े जाते हैं। इन धंधों के साथ जाली नोट का धंधा अधिक बढ़ गया है।

बॉर्डर के दोनों तरफ जाली नोट के तस्कर बराबर पकड़े जाते रहे हैं। एक बार फिर बॉर्डर से सटे रौतहट जिला में एक तस्कर 18.43 लाख नेपाली जाली नोट के साथ गिरफ्तार हुआ है। रौतहट पुलिस धंधेबाज से पूछताछ कर रही।

पहली बार पकड़ाई जाली नोट की बड़ी खेप

डीएसपी एलिजा गिरी ने बताया कि देवाही गोनाही नगरपालिका वार्ड-8 पटेल चौक पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान नेपाली जाली नोट के साथ संदीप यादव नामक तस्कर पकड़ा गया।

वह जिले के नगरपालिका वार्ड-5 हरिहरपुर का रहने वाला है। बताया कि जब्त नेपाली जाली नोट एक – एक हजार के 1843 पीस है। तस्कर की तलाशी में उसके पास से विभिन्न बैंकों के पांच एटीम कार्ड,16 लाख 65 हजार के तीन चेक और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में भी नेपाली और भारतीय जाली नोट के साथ करीब एक दर्जन तस्करों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में पहली बार जाली नोट मिले है।

जाली नोट की फैक्ट्री का हुआ था खुलासा

पिछले महीने सीतामढ़ी पुलिस ने जाली नोट की फैक्ट्री का खुलासा करने के साथ ही चार धंधेबाज को भी गिरफ्तार की थी। जाली नोट भी बरामद हुआ था। गिरफ्तार धंधेबाजों में राजेश कुमार भी शामिल था।

उसके पास सौ के 25 जाली नोट मिले थे। वह मेजरगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव के रामस्नेही राय का पुत्र है। शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के अशोगी के पूर्व मुखिया रामवृक्ष प्रसाद यादव के घर से उनके पुत्र संजय यादव को गिरफ्तार किया गया था।

पूर्व मुखिया के घर से नक़ली नोट बनाने का पेपर, पावडर, कलर और कटर के अलावा जाली नोट समेत अन्य सामग्री बरामद हुआ था। उसकी निशानदेही पर नेपाल के सरलाही जिले के गरहिया डुमरी के चंदन कुमार और मेजरगंज थाना क्षेत्र के कुआरी मदन गांव के रविभूषण कुमार को गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तार हुआ था जाली नोट का तस्कर

पिछले महीने ही पुलिस ने जाली नोट के एक बड़े धंधेबाज को पकड़ा था अरविंद सिंह नामक यह तस्कर मूल रूप से मेजरगंज थाना के कुआरी मदन का रहने वाला है। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने घर पर कम ही रहता था। बराबर विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुछ-कुछ दिन रहता था।

हालांकि पुलिस इसके पीछे पड़ी हुई थी। पुलिस को पता चला था कि नेपाली और भारतीय जाली रुपयों का यह तस्कर कन्हाई सिंह उर्फ अरविंद सिंह जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छुपा है। फिर उसे दबोच लिया गया था।