लाखों खर्च कर सरकार करा रही पौध रोपण, एलडीए कर्मचारी कटा रहे हरे पेड़

Environment Lucknow UP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों ने मानों कसम खा ली है कि वह यूपी को हरा भरा होने नहीं देंगे। सोमवार को राजधानी लखनऊ में स्थित मल्टी एक्टीविटी सेंटर में लगे चार हरे भरे और बड़े पेड़ों को काट दिया गया। अब आप सोच रहे होंगे इसमें नया क्या है पेड़ तो हर रोज कटते हैं। आपका सोचना बिल्कुल ठीक है।

हर रोज सैकड़ों पेड़ काटे जाते हैं, पर सवाल तब बड़ा हो जाता है जब प्रदेश सरकार लाखों रुपए खर्च करके पौध रोपण के लिए नए नए रिकॉर्ड बना रही हो।

मुख्यमंत्री करा रहे पौध रोपण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस साल यूपी में 22 करोड़ पौधे लगवाकर नया रिकॉर्ड बनाया है। बावजूद इसके यूपी सरकार के जिम्मेदार अफसर सरकार के मंसूबों पर माचिस लगाने पर अमादा हैं।

शादी समारोह में बाधा थे पेड़
राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड पर स्थित एलडीए कॉलोनी में मल्टी एक्टिविटी सेंटर है। कहने को तो यह हरा भरा सेंटर लोगों के लिए मॉर्निंग वाक का बड़ा केंद्र है। पर आजकल यह शादी घर का केंद्र बन गया है। यहां अक्सर समारोह होते रहते हैं। सेंटर में लगे चार बड़े पेड़ों को रविवार की देर रात काट दिया गया। आरोप है कि यह इसलिए किया गया क्योंकि शादी समारोह में ये पेड़ अवरोध पहुंचा रहे थे।

किसने काटे हैं पेड़?

आपको बता दें कि एलडीए और मल्टी एक्टीविटी सेंटर का संरक्षण कर रही संस्था के कर्मचारियों की मिलीभगत से ऐसा किया गया। सोमवार सुबह जब लोग टहलने गए तब उन्हें इस बात की जानकारी हुई।

क्या कहा सभासद ने
विद्यावती प्रथम वार्ड के सभासद कौशलेंद्र द्विवेदी से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला अभी तक जानकारी में नहीं आया है। अगर सेंटर से एक भी पेड़ काटा गया है तो मैं खुद इसके लिए शिकायत करूंगा।

अब सवाल यह उठता है कि जब जिम्मेदार कर्मचारी हरे भरे पेड़ों को काटकर खत्म करने पर अमादा हो गए हैं तो फिर प्रदेश सरकार द्वारा लाखों रुपए खर्च करके पौध रोपण के क्या मायने रह जाएंगे।