(www.arya-tv.com)आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 15 अगस्त तक स्मारकों में निशुल्क प्रवेश के चलते ताजमहल में उमड़ी भीड़ को देखते हुए एएसआई ने तीन दिन मुख्य मकबरे पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। शनिवार से 15 अगस्त तक पर्यटक मुख्य मकबरे पर नहीं जा सकेंगे।
आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा 15 अगस्त तक स्मारकों में पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क कर दिया है। प्रवेश निशुल्क होने के बाद से ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या दोगुनी से ज्यादा बढ़ गई है। पर्यटकों को संभालना मुश्किल हो रहा है।
गुरुवार को तो भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस और पीएसी को लाठी चार्ज तक करना पड़ा। अब शनिवार से सोमवार तक छुट्टी होने के चलते पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में ताजमहल के मुख्य मकबरे पर पर्यटकों की भीड़ के चलते हादसे का खतरा है। ऐसे में एएसआई की ओर से 15 अगस्त तक पर्यटकों का प्रवेश रोकने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे एएसआई मुख्यालय से द्वारा स्वीकृत कर लिया गया। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने इसकी पुष्टि की है।
नहीं देख पाएंगे शाहजहां-मुमताज की कब्र
नई व्यवस्था के तहत तीन दिन पर्यटक केवल चमेली फर्श तक ही जा पाएंगे। ऐसे में पर्यटक शाहजहां और मुमताज की कब्र नहीं देख सकेंगे। बता दें कि ताजमहल के मुख्य मकबरे पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एएसआई ने 200 रुपए का अतिरिक्त टिकट लागू कर रखा है। स्मारक में प्रवेश निशुल्क होने के चलते मुख्य मकबरे की टिकट भी खत्म हो गई। इस कारण भी पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही थी।
70 हजार पर्यटक तक आए
ताजमहल में प्रवेश निशुल्क होने से पहले एक दिन में औसतन 30 हजार तक पर्यटक आ रहे थे। मगर, 5 अगस्त से पर्यटकों की संख्या दोगुनी से ज्यादा हो गई है। गुरुवार को करीब 70 हजार पर्यटक ताजमहल का दीदार करने पहुंचा था।