- 30 अक्टूबर को पाठकपुरम कॉलोनी और भटगांव पांडेय में दो नए केंद्रों का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण
लखनऊ, 29 अक्टूबर। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और युवा सशक्तीकरण के लिए संचालित रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं युवा सशक्तीकरण केंद्रों की संख्या बढ़कर 18 होने जा रही है। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर 30 अक्टूबर को पाठकपुरम कॉलोनी, रायबरेली रोड, उतरेठिया और भटगांव पांडेय में दो नए केंद्रों का शुभारंभ होगा। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को निःशुल्क तकनीकी शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण और नागरिकों को ई-गवर्नेंस सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
- पिता की स्मृति में स्थापित केंद्रों से डिजिटल शिक्षा का विस्तार
डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पिता स्वर्गीय रण बहादुर सिंह की स्मृति में इन केंद्रों की स्थापना की है। इनका उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण तकनीकी शिक्षा से वंचित विद्यार्थियों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर सीखने तथा आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रत्येक केंद्र में पांच कंप्यूटर, फर्नीचर, कैमरा, स्पीकर और प्रशिक्षण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे युवा अपने क्षेत्र में ही कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सकें।
- 500 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास
कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के सहयोग से सरोजनीनगर के डिजिटल केंद्रों और विभिन्न विद्यालयों को अब तक 500 से अधिक कंप्यूटर एवं डेस्कटॉप उपलब्ध कराए जा चुके हैं। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इस पहल का लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में डिजिटल लर्निंग सेंटर स्थापित करना और अधिक से अधिक बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है।
- 1,573 विद्यार्थियों का प्रशिक्षण पूरा, 522 ले रहे शिक्षा
रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं युवा सशक्तीकरण केंद्रों पर अब तक 1,573 विद्यार्थी प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं, जबकि 522 विद्यार्थी वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां एमएस ऑफिस, टैली, अकाउंटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों का निःशुल्क प्रशिक्षण एवं प्रमाणन उपलब्ध कराया जाता है। व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों के जरिए युवाओं के संवाद कौशल, आत्मविश्वास और रोजगार के लिए जरूरी क्षमताओं को विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
- आर.बी.एस. डिजिटल पर नौकरी और करियर संबंधी जानकारी
युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए आर.बी.एस. डिजिटल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकारी एवं निजी क्षेत्र की नौकरियों, भर्ती प्रक्रियाओं, आवेदन की अंतिम तिथियों और इंटरव्यू की तैयारी से संबंधित जानकारी साझा की जाती है। इसके साथ स्वरोजगार, व्यवसाय स्थापना, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि युवा रोजगार तलाशने के साथ अपना उद्यम शुरू करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
- नौ ई-गवर्नेंस केंद्रों से 6,000 से अधिक नागरिकों को सहायता
तेलीबाग, लतीफ नगर, भटगांव पांडेय, बंथरा, भटगांव, गौरी मार्केट, कल्ली पश्चिम, रजनीखंड और आशियाना स्थित नौ प्रमुख ई-गवर्नेंस केंद्रों से अब तक 6,000 से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं। यहां आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र के ऑनलाइन आवेदन, पेंशन एवं छात्रवृत्ति पंजीकरण, पैन कार्ड संबंधी सेवाओं और बिजली बिल भुगतान जैसी सुविधाओं में सहायता दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक शनिवार और रविवार को निःशुल्क ई-गवर्नेंस शिविर भी आयोजित किए जाते हैं।
- सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मदद
डिजिटल केंद्रों पर आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसका उद्देश्य तकनीकी जानकारी या आवेदन प्रक्रिया की कठिनाइयों के कारण पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने से बचाना है।
- 230 से अधिक युवाओं के करीब 11.50 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 230 से अधिक युवाओं के लगभग 11 करोड़ 50 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत हुए हैं। युवाओं को योजना की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और उद्यम स्थापना के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। डिजिटल शिक्षा, तकनीकी कौशल, रोजगार संबंधी जानकारी और स्वरोजगार को जोड़ने वाली यह पहल सरोजनीनगर में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। 30 अक्टूबर को दो नए केंद्रों के शुभारंभ के साथ डिजिटल शिक्षा एवं जनसुविधाओं का दायरा और विस्तृत होगा।
