- विंध्यवासिनी कुमार के निधन पर दिनेश शर्मा ने जताया गहरा शोक, बताया अपूरणीय क्षति
लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता विधान परिषद दल एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री विंध्यवासिनी कुमार के निधन पर राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत तथा संगठन की अपूरणीय क्षति बताया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि विंध्यवासिनी कुमार ने विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में पूर्णकालिक कार्यकर्ता बनकर अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और जनसंघ से होते हुए भाजपा तक संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सादगी, समर्पण और संगठन कौशल उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान थी। उन्होंने स्मरण किया कि विधान परिषद के स्नातक क्षेत्र का चुनाव उन्होंने सीमित संसाधनों में केवल स्कूटर से प्रचार कर जीता था, जो उनके जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं से आत्मीय संबंध का प्रमाण है।
डॉ. शर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि विंध्यवासिनी कुमार उनके लिए बड़े भाई समान थे और संगठन के कार्यों के संबंध में उनसे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। अस्वस्थता के बावजूद उनमें पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा और विश्वास दिखाई देता था। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
