डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर हमला, इतनी बड़ी कही ये बात

Bareilly Zone

बरेली (www.arya-tv.com) बदायू में जन विश्वास यात्रा  में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य  सपा पर हमलावर रहे। बिल्सी के सिरासौल गांव की जनसभा में उन्होंने कहा कि समाजवादी इत्र  बनाने वालों के घर से करोड़ों रुपये बरामद कर लिए गए हैं। प्रयागराज में गुंडे-माफिया ने जिस जमीन को कब्जा लिया था, उस पर गरीबों के लिए मकान बनवाए जा रहे हैं। यह अभियान पूरे प्रदेश में चलेगा, हर गरीब को घर मिलेगा।

भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी करने वाले अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुके हैं। इन्हें दोबारा नहीं आने देंगे। विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता चुनावी हिंदू बनकर सामने आ रहे हैं। वे बरगलाने की कोशिश करेंगे, उनके बहकावे में न आएं। जब अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन चल रहा था तब तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह  ने भगवान राम के लिए अपनी कुर्सी दांव पर लगा दी। सपा ने उन्हें श्रद्धांजलि इसलिए नहीं दी कि उनके वोटर नाराज हो जाएंगे।

ये वही लोग हैं, जो कांवड़ियों पर लाठियां चलवाते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सुशासन दिया है, बहू-बेटियां आज सुरक्षित है। दावा किया कि 2017 की तरह 2022 में भी 300 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा सरकार बनाएगी। नारा दिया कि सौ में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है। उस बंटवारे में भी हमारा बंटवारा है। उझानी में यात्रा के स्वागत के समय उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा सम्मान भाजपा में मिला।

जनता से संवाद में कहा कि पूरे प्रदेश में मैं आपका सिर नहीं झुकने दूंगा और आप लोग बदायूं में मेरा सिर नहीं झुकने देना। बदायूं की सभी छह सीटों को जिताने का काम करना। उन्होंने कहा कि 2017 में आपने सपा, बसपा को सबक सिखाने काम किया था, इसके बाद 2019 में तो आपने उनका सूपड़ा ही साफ नहीं किया बल्कि उनका अभिमान भी तोड़ा। जब सपा-बसपा दोनों मिलकर बदायूं जीतने आए तो उन्हें फिर से जवाब देना। पिछड़ा वर्ग को साधने के साथ ही बीच बीच में जय श्री राम का उद्घाेष भी करते रहे।