‘हेलो…मैंने चाचा और बहन को मार दिया’; अवैध संबंधों के शक में पिता और पुत्र ने की हत्या

# ## National

(www.arya-tv.com) राजधानी दिल्ली के भजनपुरा के नार्थ घोंडा इलाके में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पिता के साथ मिलकर बहन और चाचा को मार डाला। बाद में पुलिस को खुद फोन कर इसकी जानकारी दी। दोनों आरोपी अरेस्ट कर लिए गए हैं। 35 साल के दानिश और 22 साल की शाइना के बीच आरोपियों को अवैध संबंध होने का शक था। आरोपी 20 साल के कुदुस ने 46 साल के पिता शाहिद के साथ वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी नॉर्थ घोंडा की राम गली नंबर 5 स्थित बिल्डिंग में किराए पर रहते हैं। शाहिद की आठ संतानें हैं। वह फल बेचता है। हत्याकांड की सूचना पुलिस को आरोपियों ने फोन कर दी। बताया कि मैं कुदुस बोल रहा हूं। बहन और चाचा की हत्या की है। अब सरेंडर करना चाहता हूं।

लड़की को हाथ-पैर बांधकर मारा

पुलिस मौके पर पहुंची, तो दानिश का गला रेता मिला। लड़की के हाथ-पैर चुन्नी से बंधे थे। गला रेता गया था। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। दानिश शाहिद का चचेरा भाई थी, जो यूपी के बुलंदशहर का रहने वाला था। वह पहले शाहिद के साथ ही रहता था। लेकिन उसे शाइना के साथ संबंधों के शक में निकाल दिया गया था। फिलहाल वह गांधी नगर के कैलाश नगर में रह रहा था। वह भी फल बेचता था और अविवाहित था।उसे आरोपियों ने समझाने के लिए घर बुलाया था। यहां कहासुनी होने पर पिता और बेटे ने फल काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद शाइना मौके पर आ गई और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। जिसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और गला रेत दिया। कुदुस 12वीं तक पढ़ा है। उसने ग्राफिक डिजाइन का कोर्स किया है।