बरेली में पुलिस की तमाम सख्ती के बावजूद गौ-तस्कर और गौकशों के हौसले बुलंद हैं। सीबीगंज क्षेत्र में एक पशुशाला से गाय चोरी करके, गौकशी की घटना सामने आई है। आरोप है कि ग्रामीणों की हलचल के बीच गौकशी के आरोपी भाग निकले। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। हिंदू संगठनों के सदस्यों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। उधर, सीओ और इंस्पेक्टर भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। विरोध के बीच पुलिस ने जांच कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव की है। ग्रामीण यशपाल की पशुशाला से सोमवार की रात एक गाय चोरी हो गई। आरोप है कि चोरी गाय को लेकर गांव के पूरब स्थित एक खेत पर पहुंचे। यहां उसका वध किया गया। संभव है कि किसी हलचल के बीच वह मृत गाय को छोड़कर भाग निकले।
सुबह को जब पशुशाला पर गाय नहीं मिली और उधर एक खेत में उसके गौवध की खबर फैली तो इलाके में हलचल मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। देखा कि गाय मृत पड़ी है। उसके पैर अलग पड़े हैं।
सूचना पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित गंगवार अपनी टीम के साथ पहुंचे। सीओ द्वितीय नितिन कुमार,इंस्पेक्टर सीबीगंज विनोद सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने गाय का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले भी क्षेत्र में इसी तरह की एक घटना सामने आई थी। तब भी गौकश इसी तरह गाय का वध करके फरार हो गए थे और अब एक बार फिर ऐसी घटना सामने आ गई है। इस मामले में रोहित गंगवार ने पुलिस को एक शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में अभी कोई बयान नहीं आया है।
