12-14 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन आज से शुरू:बुजुर्गों को लगेगी प्रीकॉशन डोज

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में बुधवार से 12 से 14 साल के बच्चों के लिए वैक्सीनेशन की शुरुआत हो गई है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी औपचारिक शुरुआत की। बुधवार सुबह 8 बजे योगी आदित्यनाथ लखनऊ के सिविल अस्पताल पहुंचकर पहली बार वैक्सीनेशन कराने वाले नौनिहालों से सीधे रूबरू हुए। इसके अलावा आज से प्रदेश भर में 60 साल से ज्यादा उम्र के सभी बुजुर्गों को तीसरी डोज यानी बूस्टर डोज लगवाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी के कोरोना प्रबंधन की पूरी दुनिया ने प्रशंसा की है। योगी ने कहा कि सर्वाधिक टेस्ट करने वाला और सर्वाधिक वैक्सीन देने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। हमारा 4टी फॉर्मूला ( ट्रेसिंग, ट्रैकिंग, टेस्टिंग और ट्रीटिंग) कामयाब रहा है। फ्री में सभी को वैक्सीन देने के लिए प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं।

नौनिहालों को कोर्बिवैक्स वैक्सीन लगाई जाएगी
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय घई के मुताबिक, प्रदेश के करीब 1 करोड़ 30 लाख बच्चे 12 से 14 साल की आयु वर्ग के हैं। इन्हें कोर्बिवैक्स वैक्सीन लगाई जा रही थी। यह भारत की पहली प्रोटीन आधारित वैक्सीन है, जिसे देश में ही विकसित किया गया है। यह वैक्सीन इंट्रा-मस्कुलर है यानी इसे मांसपेशियों में लगाया जाता है। इसकी दो खुराक 28 दिनों के अंतराल में दी जाती है।

एक खुराक 0 .5 मिली लीटर की होती है। इसे दो से आठ डिग्री सेल्सियस पर संरक्षित किया जाता है। यूपी के हर जिले में एक से दो स्पेशल बूथ बनाए गए हैं। बुधवार से ऑनलाइन पंजीकरण की भी सुविधा होगी। वहीं मौके पर भी यानी ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

प्रदेश में 29 करोड़ 50 लाख के पार पहुंचा वैक्सीनेशन का आंकड़ा
जानकारी के मुताबिक, यूपी में कुल 29 करोड़ 50 लाख 60 हजार 184 को डोज लगाई जा चुकी हैं। इसमें पहली डोज 16 करोड़ 54 लाख लोगों को, दूसरी डोज 12 करोड़ 75 लाख लोगों को और तीसरी डोज 23 लाख लोगों को लगी है।

लखनऊ के इन अस्पतालों में शुरू होगा वैक्सीनेशन

सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि लखनऊ के सिविल, लोकबंधु, KGMU, बलरामपुर, लोहिया संस्थान, SGPGI, भाऊराव देवरस, डफरिन, झलकारीबाई, ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी अभियान चलेगा।

ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा होगी उपलब्ध
वहीं, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि बच्चों को वैक्सीन लगाने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। मौके पर यानी ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।

बड़ों की वैक्सीन नहीं, नई कार्बिवैक्स बच्चों को लगेगी
बच्चों को कार्बिवैक्स वैक्सीन लगाई जाएगी। 0.5 एमएल की डोज बच्चों को लगाई जाएगी। कुल दो डोज लगाई जाएंगी। पहली डोज लगने के बाद 28वें दिन दूसरी डोज लगाई जाएगी। अभी तक इससे अधिक उम्र के लोगों को कोवीशील्ड और कोवैक्सीन लगाई जा रही है।