अमेरिका और ब्राजील में रोज मिल रहे मरीजों की संख्या का अंतर घटा

International

(www.arya-tv.com) कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका रोज मिलने वाले मरीजों के मामले में दूसरे नंबर पर चल रहे ब्राजील के करीब आ गया है। बीते 24 घंटों में अमेरिका में 80,625 नए केस मिले हैं। ब्राजील में यह संख्या 63,908 रही। ब्राजील में 18 फरवरी को कुल मरीजों की संख्या एक करोड़ के पार हो गई थी। अभी यहां 1.4 करोड़ मरीज हैं। यानी पिछले 9 दिन में यहां 4 लाख मरीज बढ़ गए।

अमेरिका में अभी कुल 2.91 करोड़ मरीज हैं। 18 फरवरी को यह संख्या 2.85 करोड़ थी। अमेरिका में इस दौरान 6 लाख मरीज बढ़े। यहां एक महीने पहले तक हर रोज 3 लाख से ज्यादा मरीज मिल रहे थे। ब्राजील में एक दिन में सबसे ज्यादा 87 हजार मरीज इसी साल 7 जनवरी को मिले थे।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिका में पिछले 2 हफ्ते में नए मरीज 32% तक कम हुए हैं। इसकी वजह तेजी से किया जा रहे वैक्सीनेशन को माना जा रहा है। अमेरिका वैक्सीनेशन के मामले में सबसे आगे है। यहां 6.8 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। ब्राजील में महज 78 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है। इस देश की आबादी 21 करोड़ है।

कुल मरीज 11.35 करोड़ से ज्यादा
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11.35 करोड़ से ज्यादा हो गया। 8 करोड़ 91 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 25 लाख 18 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

सिर्फ 3 देशों में 25 हजार से ज्यादा नए मरीज मिल रहे
सबसे ज्यादा डेली केस के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद फ्रांस तीसरे नंबर पर है। यही 3 देश हैं, जहां रोज 25 हजार से ज्यादा नए केस मिल रहे हैं। फ्रांस में शुक्रवार को कुल 25,207 नए मरीज मिले। यहां यूरोप का सबसे प्रभावित देश है।