चंद्रयान-3 की सफल लॉन्च को कांग्रेस ने बताया नेहरू का सपना, खुद को​ दिया सारा क्रेडिट

National

(www.arya-tv.com) आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा सतीश धवन अंतरिक्ष स्टेशन से शुक्रवार (14 जुलाई) को चंद्रयान-3 लॉन्च कर दिया गया। इसरो के अनुसार, 23 अगस्त की शाम चंद्रयान के चांद की सतह पर लैंड करने की संभावना है। देश-विदेश से लोग भारत और इसरो को बधाई दे रहे हैं। विपक्ष से तमाम नेताओं ने भी बधाई दी है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर इसरो की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, आज हममें से करोड़ों लोग गर्व से आकाश की ओर देख रहे हैं। चंद्रयान-3 दशकों से हो रही वैज्ञानिक की मेहनत का फल है। साल 1962 में इंडियन स्पेस प्रोग्राम लॉन्च किया गया था, जिसके बाद 1969 में इसरो लॉन्च हुआ। इस मिशन की सफलता हमें चंद्रमा की सतह पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला चौथा देश बना देगी। सचमुच एक बड़ी उपलब्धि है। इसरो की पूरी टीम को बधाई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर ट्वीट किया। उन्होंने कहा, चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर वैज्ञानिकों, इंजीनियर्स और मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई। आपके कौशल, समर्पण और कड़ी मेहनत की वजह से ही ये सफलता मिली है। हम सभी को आप पर गर्व है। कांग्रेस की ओर से वह ISRO की असाधारण टीम को शुभकामनाएं।

साथ ही खरगे ने भी कहा कि ये लूनर मिशन 2008 में शुरू हुआ था जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री के रुप में सत्ता में थे। उन्होंने कहा, चंद्रयान-3 पंडित जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, पीवी नरसिम्हा राव, राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. मनमोहन सिंह समेत हमारे सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प और उपलब्धि का प्रमाण है। यह डॉ विक्रम साराभाई, डॉ सतीश धवन और अनगिनत दूरदर्शी वैज्ञानिकों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने सामाजिक विकास और वैज्ञानिक सोच स्थापित करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

कांग्रेस महासचिव संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने कहा, पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इसरो का सपना देखा था। जिसे इंदिरा गांधी ने पूरा किया। राजीव गांधी और डॉ मनमोहन सिंह ने नई उंचाइयों तक पहुंचाया। ये सभी के लिए बहुत गर्व का पल है। जब हम चंद्रमा पर विजय प्राप्त करने के लिए चंद्रयान-3 को उड़ान भरते हुए देख रहे हैं।

वहीं एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन औवेसी ने भी इसरो को शुभकामनाएं देते हुए कहा, इन सालों में भारत की वैज्ञानिक प्रगति दुनिया के बाकी देशों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। तेलंगाना के सीएम केसीआर और केरल सीएम पिनाराई विजयन ने भी इसरो को चंद्रयान 3 के लिए ट्वीट कर बधाई दी।