विद्यावती द्वितीय वार्ड की जन चौपाल में नागरिकों ने रखीं समस्याएं

Lucknow
  • कूड़ा उठान में लापरवाही पर महापौर सख्त, लायन एनवायरो को 15 दिन में सुधार के निर्देश

लखनऊ। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के तहत मंगलवार को जोन-8 के विद्यावती द्वितीय वार्ड स्थित पुष्पांजलि पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।

  • जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सुनवाई

कार्यक्रम में पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, जोनल अधिकारी विकास सिंह, अधिशासी अभियंता शील श्रीवास्तव, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप यादव, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, जोनल सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र गांधी सहित नगर निगम के कई अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

  • पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन चौपाल के दौरान महापौर ने पार्क परिसर में पौधारोपण किया और नागरिकों से हरित लखनऊ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

  • कूड़ा उठान में अनियमितता पर लोगों ने जताई नाराजगी

क्षेत्रीय नागरिकों ने एलडीए कॉलोनी में नियमित कूड़ा उठान न होने की शिकायत करते हुए बताया कि कई बार तीन-तीन दिन तक कूड़ा वाहन नहीं पहुंचता, जिससे मोहल्लों में गंदगी और दुर्गंध फैलती है। लोगों ने यह भी कहा कि नालियों में कूड़ा फेंके जाने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

  • सीवर और नालियों की समस्याएं भी उठीं

जन चौपाल में नागरिकों ने कई मकानों का सीवर सीधे नालियों में छोड़े जाने की शिकायत की। उनका कहना था कि इससे दुर्गंध फैलती है और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग भी रखी।

  • वाटर टैक्स और अवैध पशुपालन पर कार्रवाई के निर्देश

नागरिकों ने वाटर टैक्स से जुड़ी समस्याओं के साथ ही बिना लाइसेंस पशुपालन किए जाने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  • किला मोहम्मदी नाले के निर्माण से मिलेगी राहत

महापौर ने बताया कि किला मोहम्मदी नाले के निर्माण कार्य को नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से शासन स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

  • लायन एनवायरो के अधिकारियों को लगाई फटकार

कूड़ा उठान संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कार्यदायी संस्था लायन एनवायरो के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में व्यापक सुधार दिखाई देना चाहिए। महापौर ने चेतावनी दी कि दोबारा इस क्षेत्र से कूड़ा उठान की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए और नियमित निगरानी के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

  • जन चौपाल बना त्वरित समाधान का मंच

महापौर ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध हो सकें।